menu-icon
India Daily

रूस में हिरासत में लिए गए कानपुर के इंजीनियर चंदन गुप्ता लौटे घर, पत्नी ने बताया कैसे हुई रिहाई

रूस में कुछ दिनों तक हिरासत में रखे गए कानपुर के इंजीनियर चंदन गुप्ता अब सुरक्षित घर लौट आए हैं. उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी.

Shilpa Shrivastava
रूस में हिरासत में लिए गए कानपुर के इंजीनियर चंदन गुप्ता लौटे घर, पत्नी ने बताया कैसे हुई रिहाई
Courtesy: X

नई दिल्ली: रूस में कुछ दिनों तक हिरासत में रखे गए कानपुर के इंजीनियर चंदन गुप्ता अब सुरक्षित घर लौट आए हैं. उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चंदन की रिहाई में उनकी कंपनी ने बड़ी मदद की और उनके लिए वकील की व्यवस्था की गई. चंदन गुप्ता रूस में काम के सिलसिले में गए थे. उनकी पत्नी स्नेहा भी मॉस्को में हैं. चंदन की रिहाई के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है.

स्नेहा गुप्ता के मुताबिक, उन्हें शुरुआत में यह जानकारी नहीं थी कि उनके पति को हिरासत में लिया गया है. शनिवार रात करीब 11:40 बजे चंदन को हिरासत में लिया गया था. इस दौरान उनका फोन और पासपोर्ट भी ले लिया गया था. चंदन के साथ मौजूद एक दोस्त ने बाद में स्नेहा को इस बारे में जानकारी दी. इसके बाद उन्होंने तुरंत अपने पति की कंपनी से संपर्क किया.

चंदन के लिए नियुक्त हुआ था वकील:

स्नेहा ने बताया कि नोएडा की कंपनी UFlex Ltd की रूस स्थित टीम लगातार उनके संपर्क में रही. कंपनी के प्रशासन विभाग और यूनिट हेड ने उन्हें स्थिति की जानकारी देने की कोशिश की. कंपनी ने चंदन के लिए एक वकील भी नियुक्त किया. स्नेहा के अनुसार, इसी कानूनी मदद के बाद चंदन को रात में रिहा कर दिया गया.

पत्नी ने PM मोदी और CM योगी से मांगी थी मदद:

चंदन की हिरासत की खबर सामने आने के बाद उनकी पत्नी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील की थी. उन्होंने अपने पति की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और कहा था कि उन्हें यह पता नहीं चल पा रहा था कि चंदन के साथ क्या हो रहा है. स्नेहा ने BJP सांसद सीमा द्विवेदी और सर्व वैश्य समाज के सदस्यों का भी धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने उनकी चिंता को अधिकारियों तक पहुंचाने और मामले को सामने लाने में मदद की.

रूसी सेना में शामिल कराने की आशंका का दावा:

चंदन की रिहाई से पहले स्नेहा ने आशंका जताई थी कि उनके पति पर रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा सकता है. उनके अनुसार, चंदन रूस में वर्क वीजा पर पेशेवर काम के लिए गए थे और उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया था.

स्नेहा ने यह भी दावा किया था कि रूस में सैनिकों की कमी के कारण विदेशी नागरिकों, जिनमें भारतीय भी शामिल हैं, से सैन्य भर्ती के लिए संपर्क किया जा रहा है. हालांकि, इस मामले में चंदन को वास्तव में रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.