menu-icon
India Daily

बदायूं में सनसनीखेज वारदात: HPCL प्लांट के मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी और प्लांट प्रबंधन के बीच पहले भी विवाद हो चुका था. यहां तक कि इससे पहले भी अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की बात सामने आई थी और इस मामले में कुछ मुकदमे भी चल रहे थे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
बदायूं में सनसनीखेज वारदात: HPCL प्लांट के मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या
Courtesy: pinterest

उत्तर प्रदेश के बदायूं में गुरुवार दोपहर एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई. यहां मूसाझाग क्षेत्र के सैंजनी गांव में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के प्लांट में घुसकर एक हमलावर ने दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

मिली जानकारी के अनुसार, प्लांट के प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा अपने काम में व्यस्त थे. इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक प्लांट परिसर में पहुंचा और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों को दो से तीन गोलियां लगीं. गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद प्लांट के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कर्मचारियों में दहशत फैल गई और वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही मूसाझाग और दातागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने प्लांट को घेरकर जांच शुरू कर दी है. वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे प्लांट का एक पूर्व कर्मचारी हो सकता है. बताया जा रहा है कि आरोपी पहले यहां पेलोडर ऑपरेटर के पद पर काम करता था, लेकिन किसी कारण से उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. इसके बाद से वह कंपनी प्रबंधन से नाराज चल रहा था.

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी और प्लांट प्रबंधन के बीच पहले भी विवाद हो चुका था. यहां तक कि इससे पहले भी अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की बात सामने आई थी और इस मामले में कुछ मुकदमे भी चल रहे थे.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. आसपास के इलाकों में आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी.