उत्तर प्रदेश के अलवर जिले में अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है. इस मामले में पड़ोसियों ने मिलकर एक बुजुर्ग महिला के साथ क्रूरता के साथ मारपीट की. पीड़िता की पहचान नर्मदा के रूप में की गई है. मिल रही जानकारी के मुताबिक पड़ोसियों ने प्लॉट के सामने फेंसिंग को लेकर चल रहे विवाद में महिला को पीटा और उसे जमीन पर घसीटता रहा.
यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. लोगों ने बुजुर्ग महिला के साथ किए गए व्यवहार को लेकर गुस्सा जाहिर किया है. पुलिस के अनुसार, नर्मदा और पड़ोसियों के बीच प्लॉट के सामने बाड़ लगाने को लेकर पिछले एक साल से झगड़ा चल रहा था.
पुलिस ने बताया कि पिछले एक साल के दौरान छोटी-छोटी बातों पर तनाव बढ़ता जा रहा था. वहीं बुधवार को यह विवाद हिंसा में बदल गया, तीन-चार युवक अचानक नर्मदा के घर में घुस आए. वे अपने साथ अपने पालतू कुत्ते को भी साथ लाए. घर में घुसते ही लोगों ने महिला को गाली देना शुरू कर दिया. उस समय नर्मदा और उनका पोता निशांत घर में मौजूद थे. जब दोनों बाहर निकले तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया.
इस दौरान जब उन्हें समझाने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू हो कर दी और फिर मारपीट करने लगे. इस दौरान नर्मदा को जमीन पर गिराया गया. उसके बाद उसे जमीन पर घसीटते हुए सड़क तक ले गए. हमले के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के चेहरे पर लात मारी और थप्पड़ जड़ दिए.
आरोपियों ने इस दौरान महिला के हाथ मरोड़ कर महिला को सड़क पर पटक दिया. मारपीट की वजह से नर्मदा बेहोश हो गईं और आरोपी उन्हें सड़क पर बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए. महिला की हालत को देखते हुए कुछ पड़ोसियों ने उसे सहारा दिया और परिवार को सूचना दी.
कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपियों ने महिला पर हमला किया. पुलिस अब वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है. पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.