menu-icon
India Daily

80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और CM योगी का नमन, कहा- शहीदों के बलिदान से मिली आजादी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता के लिए अपना सब कुछ कुर्बान करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन करना हर नागरिक का कर्तव्य है.

antima
Edited By: Antima Pal
80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और CM योगी का नमन, कहा- शहीदों के बलिदान से मिली आजादी
Courtesy: X

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. दोनों नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के महान त्याग व बलिदान को याद किया तथा राष्ट्र की एकता और विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराया.

80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल और CM योगी का नमन

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संदेश में कहा कि आजादी हमें असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, साहस, त्याग और बलिदान से मिली है. उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धा से नमन किया. राज्यपाल ने कहा कि उनका देशप्रेम, समर्पण और बलिदान आज भी हर नागरिक को राष्ट्रहित में काम करने की प्रेरणा देता है.

'शहीदों के बलिदान से मिली आजादी'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता के लिए अपना सब कुछ कुर्बान करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन करना हर नागरिक का कर्तव्य है. उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने के साथ विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराने की प्रेरणा देता है.

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी संदेश लिखा. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का यह पवित्र पर्व मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के अमिट त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है. मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को करोड़ों नमन.

योगी आदित्यनाथ ने आगे लिखा कि अमर शहीदों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर हमें 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को अपनाना चाहिए. कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के जरिए 'विकसित भारत' तथा 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के लक्ष्य को हासिल करने में हर नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए.

यह अवसर न सिर्फ आजादी का जश्न मनाने का है, बल्कि भविष्य के लिए मजबूत भारत बनाने का भी है. प्रदेश सरकार और प्रशासन भी इस दिन विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश फैला रहे हैं. सभी नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे शांति, सद्भाव और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ें.