menu-icon
India Daily

गोरखपुर में बेटे ने सोते पिता पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मौके पर मौत

मृतक ब्रह्मदेव कन्नौजिया भोजन के बाद घर के बाहर सो रहे थे. उनके छोटे बेटे गोलू कन्नौजिया ने अचानक कुल्हाड़ी उठाई और पिता पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया. सिर और गर्दन पर सात-आठ गहरे वार किए गए. इतनी ज्यादा चोटें लगीं कि ब्रह्मदेव की मौके पर ही मौत हो गई. 

antima
Edited By: Antima Pal
गोरखपुर में बेटे ने सोते पिता पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मौके पर मौत
Courtesy: X

गोरखपुर: रिश्तों के नाम पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गोरखपुर के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव में एक बेटे ने अपने सो रहे पिता को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया. मृतक की उम्र 55 साल थी और वह घर के बाहर चारपाई पर आराम कर रहे थे. 

बेटे ने सोते पिता पर कुल्हाड़ी से किया हमला

पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब दो से ढाई बजे के बीच यह वारदात हुई. मृतक ब्रह्मदेव कन्नौजिया भोजन के बाद घर के बाहर सो रहे थे. उनके छोटे बेटे गोलू कन्नौजिया ने अचानक कुल्हाड़ी उठाई और पिता पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया. सिर और गर्दन पर सात-आठ गहरे वार किए गए. इतनी ज्यादा चोटें लगीं कि ब्रह्मदेव की मौके पर ही मौत हो गई. 

घटना के समय हुई चीख-पुकार और आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आए. उन्होंने देखा तो ब्रह्मदेव का शरीर खून से लथपथ पड़ा था. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. गुलरिहा थाने की पुलिस रात करीब तीन बजे मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपित गोलू कन्नौजिया घटना के बाद फरार हो गया है. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. 

क्या था बेटे का मिजाज?

ग्रामीणों ने बताया कि गोलू दो भाइयों में छोटा है. कुछ समय पहले गांव की एक लड़की से उसका प्रेम संबंध था. लेकिन लड़की की शादी कहीं और हो गई. इसके बाद गोलू बहुत उदास और तनाव में रहने लगा. उसका व्यवहार अजीब हो गया था. वह कम बोलता, अकेला रहता और कभी-कभी गुस्सा भी दिखाता. लगभग छह महीने पहले गोलू की मां का निधन हो गया था. मां की मौत के बाद वह और ज्यादा गुमसुम हो गया था. 

परिवार वाले कहते हैं कि गोलू मानसिक तनाव में था, लेकिन उसने पिता की हत्या क्यों की, यह अभी साफ नहीं हो पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. यह घटना पूरे गांव में सदमे के रूप में फैली हुई है.