menu-icon
India Daily

'अब घर में शांति रहेगी...', छोटे भाई की बीवी की हत्या करके बनाया वीडियो, बताई पूरी बात

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक आदमी ने अपने ही भाई की बीवी की हत्या करके खुद भी सुसाइड कर लिया. इस दौरान उसने करीब 6 मिनट का एक वीडियो और नौ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था. जिसे पुलिस ने घटनास्थल से बरामद कर लिया है. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

India Daily Live
'अब घर में शांति रहेगी...', छोटे भाई की बीवी की हत्या करके बनाया वीडियो, बताई पूरी बात
Courtesy: social media

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक शख्स ने पहले तो अपने ही भाई की पत्नी की हत्या की और फिर अपनी भी जान दे दी. अपने इस कर्म पर उसे इतना पछतावा हुआ कि उसने एक वीडियो बनाया और एक लेटर भी लिखा. उसने अपने सुसाइड नोट में हत्या करने की वजह बताई और अपने परिवार को कई संदेश भी दे गया. हत्या पर हो रहे पछतावे के चलते उसने वीडियो में अपने परिवार से कई बार माफी भी मांगी.

यह मामला कानपुर के सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र का है. कुलदीप नाम के एक आदमी ने अपने छोटे भाई की बीवी का गला घोंटकर उसकी हत्या की और फिर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. पुलिस को घटनास्थल से नौ पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. इसमें लिखा था, 'जब से आई है, दोनों भाइयों के परिवार में क्लेश रहता है. मां भी अक्सर घर से बाहर रहती है. न तो खाना बना पाती है और न ही व्यवहार सही है. नैन-नक्श भी अच्छे नहीं हैं'.

कुलदीप ने 6:20 मिनट का वीडियो बनाकर खुदकुशी कर ली. वीडियो में कुलदीप ने अपनी पत्नी, भाई और मां से कई बार मांफी मांगते हुए कहा कि इस हत्या के बाद घर में शांति रहेगी. उसने अपने छोटे भाई से कहा, 'मेरी मौत के बाद तुम अपनी भाभी यानी मेरी पत्नी से शादी कर लेना और तीनों बच्चों को अपने बच्चों जैसा ही प्यार देना. मां ने बहुत दुख झेले हैं इसलिए उसे दुख मत देना.'

'जिंदगी भर कलह मची रहती इसलिए मार दिया...'

कुलदीप ने आगे कहा, 'क्लेश के चलते उस दिन को कोसता हूं जिस दिन अशोक की मीनू से शादी हुई थी. मैं तीन साल से बर्दाश्त कर रहा था. दो दिन से मीनू की हत्या करने के बारे में सोच रहा था. ऐसा करने के लिए आज का अंतिम दिन था क्योंकि आज सब लोग घर आ जाते और फिर हत्या नहीं कर पाता. फिर जिंदगी भर कलह मची रहती.' वीडियो में उसने कहा कि अब मीनू की मौत के बाद सब लोग सुकून से रहेंगे.

'...इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं'

कुलदीप ने कहा, 'मीनू की हत्या के बाद पत्नी और बच्चों का जीवन बर्बाद न हो इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं. मीनू के झूठ ने पूरा घर बर्बाद कर दिया, आज घर टूट रहा है जिसका बहुत दुख है. मैंने पहले ही तय कर लिया था कि मीनू को मारने के बाद खुद भी मर जाऊंगा.'

वीडियो में कुलदीप ने कहा, ' मीनू सुधर जाती लेकिन उसके घरवालों ने उसे सुधरने नहीं दिया. मीनू के मां, बाप और भाई उससे घंटों फोन पर बात करके उसे भड़काते रहते थे.' इस दौरान कुलदीप ने अपनी मां से मांफी मांगते हुए कहा कि मम्मी हमने कभी तुमको और अशोक को नहीं बताया.

'...भाई की जिंदगी बर्बाद कर दी थी'

कुलदीप ने आगे कहा, 'मैंने इस औरत से शादी कराकर अपने भाई की जिंदगी बर्बाद कर दी थी. मेरा भाई रोज रात को रोता था. फिर मैं कैसे चैन से सो सकता था. मैंने मेरे भाई को बच्चे की तरह पाला है इसलिए उसे रोता नहीं देख सकता था.' कुलदीप ने अपनी पत्नी रोशनी से माफी मांगी और कहा, 'अशोक बहुत अच्छा लड़का है. तुम उससे शादी करके आराम से जीवन बिताना, थोड़ा मुश्किल होगा लेकिन धीरे-धीरे सब सही हो जाएगा'. 

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि आरोपी की पत्नी बच्चों के साथ मायके गई थी जबकि छोटा भाई वैष्णो देवी दर्शन करने गया था. बुधवार दोपहर जब वह घर लौटा तो घटना का खुलासा हुआ. न्यू आजादनगर निवासी अशोक गुप्ता फेरी लगाकर साड़ी बेचते हैं. वह मकान में पत्नी मीनू व तीन वर्ष के बेटे विश्वास के साथ रहते थे.

बड़े भाई ऑटो चालक कुलदीप पत्नी रोशनी, दो बच्चों और मां के साथ नीचे रहते थे. अशोक ने बताया कि एक सप्ताह पहले कुलदीप की पत्नी बच्चों संग कल्याणपुर के मकसबूदाबाद मायके चली गई थी. वह भी 21 जून को दोस्तों संग वैष्णो देवी दर्शन करने गया था. दोपहर को लौटा तो घर का गेट अंदर से बंद था. आवाज न आने पर किसी तरह घर में दाखिल हुए तो पत्नी मीनू का शव जमीन में पड़ा था जबकि बड़े भाई का शव पंखे के कुंडे से लटक रहा था.

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.