उत्तर प्रदेश के बरेली में बुधवार रात मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला कि शहर से लेकर गांव तक हर तरफ तबाही के निशान दिखाई देने लगे. रात करीब 10 बजे तेज आंधी और बारिश ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया. लगभग 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने सैकड़ों पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया, बिजली के खंभों को गिरा दिया और कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया. तेज आंधी के बाद गुरुवार सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो कई इलाकों में सड़कें पेड़ों और टूटे हुए ढांचों से भरी दिखाई दीं. शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह बाधित रही.
आंधी का सबसे बड़ा असर शाहजहांपुर रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप पर देखने को मिला. तेज हवाओं के कारण पेट्रोल पंप की छत उड़ गई. यह दृश्य देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए. इसके अलावा पीलीभीत बाइपास पर स्थित पासपोर्ट कार्यालय के सामने लगा बड़ा विज्ञापन बोर्ड भी झुक गया. कई अन्य स्थानों पर होर्डिंग और यूनिपोल गिरने की घटनाएं सामने आईं. इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
तेज हवाओं ने कई निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया. पीलीभीत बाइपास पर स्थित एक बरातघर का मुख्य गेट टूट गया. वहीं श्यामगंज क्षेत्र में एक मकान की छत गिरने की घटना सामने आई. मलूकपुर इलाके में एक मकान की छत पर लगा सौर ऊर्जा पैनल भी आंधी की चपेट में आकर उड़ गया. कई इलाकों में लोगों ने अपने घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी.
नगर निगम और बिजली विभाग के अनुसार आंधी के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में 200 से अधिक पेड़ गिर गए. इसके साथ ही 125 बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए. पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई. विभागीय टीमें रात से ही मरम्मत कार्य में जुटी रहीं, लेकिन कई इलाकों में लोगों को घंटों तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा.
आंधी के कारण शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ. सेटेलाइट, लाल फाटक और अवैद्यनाथ द्वार के आसपास कई बड़े पेड़ सड़कों पर गिर गए. सुरेश शर्मा नगर और रोहिलखंड चिकित्सा महाविद्यालय जाने वाले मार्गों पर भी पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा. प्रशासन और नगर निगम की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रास्तों को साफ कराने का काम शुरू किया.
प्राकृतिक आपदा के दौरान एक ऑटो चालक भी घायल हो गया. बताया जा रहा है कि सड़क पर पेड़ गिरने की वजह से वह इसकी चपेट में आ गया. उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं सीबीगंज थाने परिसर में भी एक पेड़ गिर गया, जिससे वहां खड़ी एक सिपाही की बुलेट मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई.