औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के सीगंनपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 20 वर्षीय युवती अचानक घर से गायब हो गई. सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे, तो कमरे का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी करीब पांच फीट लंबी सांप की केंचुली पड़ी हुई थी. इसके बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई.
किसी ने कहा कि लड़की को नाग उठा ले गया, तो किसी ने यह अफवाह फैला दी कि वह इच्छाधारी नागिन थी और भेष बदलकर चली गई. कुछ लोगों का दावा था कि युवती को आसपास के इलाकों में भी किसी ने आते-जाते नहीं देखा. इसी वजह से डर और रहस्य की बातें और बढ़ने लगी.
परिजनों ने बताया कि जिस कमरे में युवती सोती थी, वहां जमीन के नीचे सांप का बिल भी बना हुआ है. पहले भी कभी-कभी सांप निकल आते थे. सांप की केंचुली मिलने के कारण लोगों का शक और गहरा हो गया. परिजन इस घटना से बेहद परेशान हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. वे सिर्फ यही चाहते हैं कि उनकी बेटी सुरक्षित वापस आ जाए.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआत में मामला रहस्यमयी लगा, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर स्थिति साफ होती गई. अजीतमल क्षेत्र अधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि थाना फफूंद के अंतर्गत ग्राम सीगंनपुर से एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि उनकी बेटी बिना बताए घर से चली गई है.
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है. युवती की सुरक्षित बरामदगी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस ने साफ कहा है कि लड़की के नागिन बनने से जुड़ी सभी बातें पूरी तरह अफवाह हैं. लोगों से अपील की गई है कि वे इन पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी न फैलाएं. पुलिस का कहना है कि युवती की तलाश जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी.