menu-icon
India Daily

बेकाबू डंपर ने बाइक को रौंदा, देर से पहुंची एंबुलेंस की वजह से महिला की मौके पर मौत, गुस्साए लोगों ने किया रोड जाम

सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके में डंपर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे को कुचल दिया गया. हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बेकाबू डंपर ने बाइक को रौंदा, देर से पहुंची एंबुलेंस की वजह से महिला की मौके पर मौत, गुस्साए लोगों ने किया रोड जाम
Courtesy: Grok AI

सीकर: राजस्थान में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सीकर जिले में शनिवार 8 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. नीमकाथाना इलाके के जीर की घाटी में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को बेरहमी से कुचल दिया. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया.

जयपुर के हरमाड़ा में हुए डंपर हादसे की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि सीकर में एक और भयावह घटना ने सबको झकझोर दिया. बताया गया कि झुंझुनूं जिले के गुढ़ापौंख निवासी धर्मपाल अपनी मां बिरमा देवी के साथ बाइक से पाटन से नीमकाथाना आ रहे थे. रास्ते में जीर की घाटी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और कुचलते हुए निकल गया.

क्या थी वहां की स्थिति?

तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो मां-बेटे सड़क पर घायल अवस्था में पड़े तड़प रहे थे. बाइक के परखच्चे उड़ चुके थे. लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुंची. आखिरकार स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने बिरमा देवी को मृत घोषित कर दिया जबकि धर्मपाल को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया.

लोगों ने क्यों किया सड़क जाम?

हादसे की जानकारी मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है. घटना से गुस्साए लोगों ने जीर की घाटी में रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. लोगों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस काफी देर से पहुंची जिससे महिला की जान नहीं बच सकी. करीब तीन घंटे तक मृतका का शव सड़क पर पड़ा रहा और लोगों ने उसे चादर से ढक रखा था.

पुलिस ने कैसे संभाली स्थिति?

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और जाम खुलवाने की कोशिश की. इस घटना के चलते कोटपूतली-कुचामन स्टेट हाइवे पर लंबा जाम लग गया जो देर रात तक बना रहा. इस हादसे ने एक बार फिर प्रदेश में सड़क सुरक्षा की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं.