जयपुर: राजस्थान में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने नई गाइडलाइन जारी की है. नए निर्देशों के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु त्रिशूल, हॉकी, डंडे या किसी भी प्रकार की नुकीली वस्तु अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे. पुलिस का कहना है कि यह फैसला यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है.
नई गाइडलाइन के तहत सभी कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान अपना मूल और वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा. इसके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य मान्य पहचान पत्र स्वीकार किए जाएंगे. जरूरत पड़ने पर पुलिस पहचान पत्र की जांच भी कर सकती है.
राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रियों को केवल निर्धारित पारंपरिक कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करना होगा. बिना अनुमति किसी अन्य मार्ग से यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी. इससे यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा प्रबंधन में आसानी होगी.
यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे या म्यूजिक सिस्टम बजाने की भी अनुमति नहीं होगी. पुलिस ने सड़कों पर बैठकर भोजन बनाने पर भी रोक लगाई है, ताकि यातायात बाधित न हो और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं. यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.
पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि यात्रा के दौरान कांवड़ियों और अन्य लोगों के बीच किसी प्रकार का विवाद होता है, तो पुलिस तुरंत हस्तक्षेप करेगी. प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए यात्रा पूरी करने की अपील की है.