menu-icon
India Daily

Didwana Road Accident: राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, पुष्कर दर्शन को जा रहे परिवार की SUV से बस टकराई, चार की मौके पर मौत

पुलिस ने बताया कि मृतकों में महिलाएं शारदा, लिछमा, तुलछी और पुरुष ओमसिंह शामिल हैं. जबकि ममता, मुरली, आशीष और रूपा गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Didwana Road Accident: राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, पुष्कर दर्शन को जा रहे परिवार की SUV से बस टकराई, चार की मौके पर मौत
Courtesy: Pinterest

Rajasthan Road Accident: राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले से शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई. लाडनूं तहसील क्षेत्र के जसवंतगढ़ के पास एक रोडवेज बस और एसयूवी कार में जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और हाईवे से नीचे जा गिरी. एसयूवी में सवार एक ही परिवार के लोग पुष्कर दर्शन के लिए जा रहे थे. दुर्भाग्य से हादसे में तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सड़क पर आए गौवंश के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए. पुलिस को शव और घायलों को निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी. हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया और मौके पर चीख-पुकार मच गई.

मृतकों की पहचान और घायलों की हालत

पुलिस ने बताया कि मृतकों में महिलाएं शारदा, लिछमा, तुलछी और पुरुष ओमसिंह शामिल हैं. जबकि ममता, मुरली, आशीष और रूपा गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सभी घायलों को लाडनूं के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाए गए हैं. बताया गया कि सभी मृतक और घायल चूरू जिले के राजलदेसर और मौमासर निवासी हैं.

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, हाईवे पर जाम

भारी बारिश के कारण बचाव कार्य और भी कठिन हो गया. हाईवे पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर पुलिस ने खुलवाया. मौके पर वृताधिकारी विक्की नागपाल और जसवंतगढ़ थानाधिकारी जोगेंद्र सिंह दल-बल के साथ पहुंचे और हालात का जायजा लिया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.