जालंधर: जालंधर में महिला डॉक्टर की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान डॉ. मीनाक्षी के तौर पर हुई है. बुधवार को उनका शव उनके घर में फंदे से लटका मिला. उनके परिवार ने डॉ. पीयूष जो उनके पति है उनपर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं.
रिपोर्ट में बताया गया कि डॉक्टर उस समय घर में अकेली रह रही थीं. काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे, इसलिए अधिकारियों को अंदर जाने के लिए खिड़की का शीशा तोड़ना पड़ा, जहां उन्हें डॉक्टर का शव फंदे से लटका मिला.
परिवार ने बताया कि डॉ. मीनाक्षी और डॉ. पीयूष की शादी अक्टूबर 2018 में हुई थी लेकिन समय के साथ उनके रिश्ते खराब होने लगे. मृतका की मां का आरोप है कि उनके दामाद का उसी अस्पताल की एक नर्स के साथ अफेयर चल रहा था, जहां वे दोनों काम करते थे. परिवार का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद डॉ. मीनाक्षी को इस रिश्ते के बारे में पता चला.
रिश्तेदारों का आरोप है कि इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. परिवार का दावा है कि डॉ. पीयूष ने मीनाक्षी के साथ मारपीट भी की थी; उनकी मां ने बताया कि ऐसी घटनाओं के बाद, वह अक्सर फोन करके माफी मांगते थे और अपनी गलती मानते थे.
परिवार के मुताबिक कथित उत्पीड़न से परेशान होकर डॉ. मीनाक्षी जुलाई 2025 से अपने पति से अलग रह रही थीं. बताया जा रहा है कि वह तलाक लेने के बारे में सोच रही थीं, हालांकि परिवार ने उन्हें कुछ समय इंतजार करने की सलाह दी थी.
इस मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है. परिवार का दावा है कि जब डॉ. मीनाक्षी हाल ही में नया घर खरीदने के लिए बैंक गईं, तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर लगभग ₹2.5 करोड़ का बकाया लोन है. रिश्तेदारों का आरोप है कि इस कर्ज में अस्पताल और गाड़ी के लिए लिए गए लोन शामिल थे, और कुछ दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर नहीं थे.
पुलिस ने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी. इस बीच पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर विचार करते हुए जांच कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी पति से अभी तक पूछताछ नहीं हुई है और उसका मोबाइल फोन बंद है.