menu-icon
India Daily

नौकरी का सुनहरा मौका, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में 167 पदों पर निकली भर्ती, जानें कब तक कर सकते हैं आवेदन

पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने सफाई सेवक और माली के कुल 167 पदों पर भर्ती निकाली है. आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 है. उम्मीदवारों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए. चलिए जानते हैं क्या है आवेदन प्रक्रिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नौकरी का सुनहरा मौका, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में 167 पदों पर निकली भर्ती, जानें कब तक कर सकते हैं आवेदन
Courtesy: Pinterest

चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने सफाई सेवक और माली की भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 167 पद भरे जाएंगे. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह एक शानदार मौका है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 30 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

जारी नोटिफिकेशन के अनुसार इस भर्ती अभियान में सफाई सेवक के लिए 75 पद और माली के लिए 92 पद शामिल हैं. चुने गए उम्मीदवारों की नियुक्ति तय नियमों और शर्तों के अनुसार की जाएगी. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है, जिससे उम्मीदवार घर बैठे आवेदन कर सकते हैं.

भर्ती के लिए क्या-क्या है जरूरी?

भर्ती के लिए उम्र सीमा भी तय की गई है. आवेदकों की उम्र 18 से 35 साल के बीच होनी चाहिए. हालांकि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट दी जाएगी.

माली पद के लिए शैक्षणिक योग्यता क्या है?

माली पद के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव पर खास ज़ोर दिया गया है. गार्डनिंग या हॉर्टिकल्चर में डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी. इसके अलावा चयन प्रक्रिया के दौरान हॉर्टिकल्चर के क्षेत्र में कम से कम तीन साल का काम का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलने की संभावना है.

सफाई सेवक पद के लिए कितना चाहिए अनुभव?

सफाई सेवक पद के लिए संबंधित काम का अनुभव जरूरी माना जाता है. नोटिफिकेशन के अनुसार स्वीपर के तौर पर कम से कम तीन साल का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी. इससे अनुभवी उम्मीदवारों के चुने जाने की संभावना बढ़ सकती है.

दोनों पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को हिंदी और क्षेत्रीय भाषा का कामकाजी ज्ञान होना जरूरी है. यह शर्त इसलिए रखी गई है ताकि काम की जगह पर बेहतर बातचीत हो सके और रोजमर्रा के काम आसानी से हो सकें.

आवेदन शुल्क क्या है?

आवेदन शुल्क की बात करें तो, जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों और दूसरे राज्यों के SC/ST उम्मीदवारों के लिए ₹700 का शुल्क तय किया गया है. वहीं पंजाब और हरियाणा के SC, ST और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹600 है.

कहां करें आवेदन? 

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद उन्हें अपनी पर्सनल जानकारी देनी होगी, जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे और फीस जमा करनी होगी. भविष्य में जरूरत पड़ने के लिए सबमिट किए गए एप्लीकेशन का प्रिंटआउट रखना जरूरी है. भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी और जानकारी और अपडेट्स ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे.