पंजाब के अमृतसर शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शनिवार शाम करीब 6 बजे मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और पंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू (मधुसूदन) की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बाइक पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोलियां चलाईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे खून से लथपथ सड़क पर पड़े नजर आ रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ADCP) सिरिवेनेला ने बताया कि दो अज्ञात लोगों ने हमला किया है और पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है.
अमृतसर में इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या!
— Kishor Joshi (@KishorJoshi02) October 3, 2026
अमृतसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पॉपुलर मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू को गोली मार दी गई. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई. #MadSandhu #Amritsar #Influencer #Punjab… pic.twitter.com/RDuBZQv4ip
मैड संधू फैशन और मेकअप इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम थे. उन्होंने पंजाब और मुंबई की फिल्मों में बतौर स्टाइलिस्ट और असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर काम किया था. वे 'ओए भोले ओए' जैसी कुछ पंजाबी फिल्मों में अभिनय भी कर चुके थे. इंस्टाग्राम रील्स के जरिए वे लग्जरी लुक टिप्स, लाइफस्टाइल और सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते थे.
अपनी समलैंगिक (Gay) पहचान को लेकर उन्हें अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रोल्स का सामना करना पड़ता था. हालांकि, वे हमेशा बेबाकी से इसका जवाब देते हुए कहते थे कि "भगवान ने मुझे जैसा बनाया है, मैं वैसा ही हूँ." उनकी अचानक हुई हत्या से उनके प्रशंसकों और पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर है.