चंडीगढ़: पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं चल रही हैं. इसी बीच बीजेपी ने अकाली दल के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से जुड़े मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों को अपने साथ जोड़ लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के चचेरे भाई ढिल्लों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली. उनके बेटे अमरवीर सिंह भी बीजेपी में शामिल हुए.
मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों का परिवार लंबे समय से अकाली राजनीति से जुड़ा रहा है. उनके पिता गुरराज सिंह ढिल्लों 1952 से 1958 तक अकाली दल के राज्यसभा सदस्य रहे थे. उन्होंने प्रकाश सिंह बादल के शुरुआती राजनीतिक सफर में भी अहम भूमिका निभाई थी. गुरराज सिंह, प्रकाश सिंह बादल के पिता के छोटे भाई थे. ऐसे में भूपिंदर सिंह का बीजेपी में जाना अकाली दल के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
राजनीति में सक्रिय होने से पहले भूपिंदर सिंह भारतीय सेना में थे. उन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में हिस्सा लिया और वर्ष 1988 तक सेना में सेवा दी. इसके बाद वह सक्रिय राजनीति से जुड़े. वर्ष 1994 से चुनाव अभियानों में भाग लेते रहे हैं और लंबे समय से लंबी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के संपर्क में रहे हैं. बीजेपी ने उनके अनुभव को मालवा क्षेत्र में संगठन मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भूपिंदर सिंह ढिल्लों और उनके बेटे अमरवीर सिंह का बीजेपी में स्वागत किया. सैनी ने कहा कि भूपिंदर सिंह ने बीजेपी को मजबूत करने और पंजाब को देश का नंबर एक राज्य बनाने का संकल्प लिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब के विकास और राज्य को आगे ले जाने की उम्मीद जताई. बीजेपी ने इसे संगठन के विस्तार की दिशा में अहम कदम बताया.
इसी कार्यक्रम में सानौर नगर समिति के अध्यक्ष प्रदीप जोशन भी अपने समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल हुए. वह आम आदमी पार्टी की एससी विंग के प्रदेश सचिव रह चुके हैं. पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का पार्टी में आना बीजेपी की नीतियों के प्रति बढ़ते भरोसे का संकेत है. उन्होंने पंजाब के विकास और सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम जारी रखने की बात कही.
अकाली दल और बीजेपी के बीच दोबारा राजनीतिक तालमेल की संभावनाओं को लेकर पंजाब में चर्चाएं चल रही हैं. ऐसे समय में बादल परिवार से रिश्ते रखने वाले नेता का बीजेपी में जाना चर्चा का विषय बन गया है. भूपिंदर सिंह का पार्टी में प्रवेश खासकर मालवा क्षेत्र में बीजेपी के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब इस घटनाक्रम का असर दोनों दलों के बीच चल रही गठबंधन की चर्चाओं पर भी नजर आएगा.