पंजाब में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है. जिसकी वजह से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.
इससे पहले मंगलवार को भी पंजाब के कई जिलों में मौसम बदला रहा. तेज हवाओं ने लोगों को राहत दी है. पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली.
पिछले 24 घंटे में पठानकोट में सबसे अधिक 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं रूपनगर में 5.5 मिलीमीटर वर्षा हुई. बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट देखने को मिली है. मौसम के आंकड़ों के मुताबिक बठिंडा में दिन का तापमान सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री, अमृतसर में 32.4 डिग्री, संगरूर में 32.3 डिग्री, लुधियाना में 31.2 डिग्री और गुरदासपुर में 31 डिग्री सेल्सियस रहा.
बारिश और बादलों के प्रभाव से पंजाब के औसत तापमान में भी गिरावट आई है. पिछले 24 घंटे में राज्य का औसत तापमान करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे आया है. यह सामान्य से करीब 2.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है. मौसम विभाग ने बुधवार के बाद भी पंजाब में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है. 14 और 15 अगस्त को भी भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में इन दिनों पंजाब के कई जिलों में तेज बारिश और हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. लोगों को मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है.