menu-icon
India Daily

पंजाब में मौसम का बदलेगा मिजाज! 8 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

पंजाब में गर्मी के बीच मौसम ने राहत के संकेत दिए हैं. मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब में मौसम का बदलेगा मिजाज! 8 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
Courtesy: ANI

पंजाब में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने 19 जून को राज्य के आठ जिलों में बारिश, आंधी और बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी किया है. पठानकोट, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है.

चंडीगढ़ में बादलों की आवाजाही, तापमान में बढ़ोतरी

राजधानी चंडीगढ़ में फिलहाल आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि यहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बुधवार की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जिससे तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया. राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा. गर्मी और उमस के कारण लोगों को दिन के समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि आगामी दिनों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है.

22 जून तक बने रहेंगे बारिश और आंधी के आसार

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण पंजाब के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तंत्र के कारण प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है. इसी वजह से 22 जून तक अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह गतिविधियां तापमान में कुछ हद तक गिरावट ला सकती हैं और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. पंजाब में 20, 21 और 22 जून को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट और श्री मुक्तसर साहिब में बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना है.