चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज (PCMS) कैडर के 4000 से अधिक सरकारी डॉक्टरों को बड़ी राहत दी है. अब सरकारी ट्रेनिंग प्रोग्राम और वर्कशॉप में मिलने वाले पीएमसी क्रेडिट आवर्स फ्री होंगे. डॉक्टरों को रजिस्ट्रेशन रिन्यूअल के लिए महंगे प्राइवेट सेमिनारों में पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित सभी ट्रेनिंग सत्र और वर्कशॉप अब पंजाब मेडिकल काउंसिल (PMC) के क्रेडिट आवर्स के लिए मुफ्त में मान्य होंगे. इस फैसले से सरकारी डॉक्टरों पर पड़े आर्थिक बोझ को काफी हद तक कम किया जाएगा. पहले डॉक्टरों को अपनी प्रोफेशनल रजिस्ट्रेशन को दोबारा वैध कराने के लिए जरूरी क्रेडिट आवर्स हासिल करने के लिए निजी संस्थानों के महंगे कोर्स और सेमिनारों में भाग लेना पड़ता था, जिसमें हजारों रुपये खर्च हो जाते थे.
पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (PCMSA) ने इस फैसले का स्वागत किया है. एसोसिएशन के अनुसार जल्द ही एक विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी किया जाएगा, ताकि डॉक्टर बिना किसी परेशानी के अपना क्रेडिट आवर्स क्लेम कर सकें. पीसीएमएसए ने स्वास्थ्य विभाग के नेतृत्व, स्वास्थ्य मंत्री, प्रिंसिपल सेक्रेटरी हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर और डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज का आभार व्यक्त किया है.
एसोसिएशन का कहना है कि ये लोग लंबे समय से इस मुद्दे को लगातार उठा रहे थे और अंत में इसका हल निकाला गया. इस पहल से न सिर्फ डॉक्टरों का पैसा बचेगा, बल्कि वे सरकारी ट्रेनिंग प्रोग्रामों में ज्यादा सक्रिय रूप से भाग लेंगे. इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होगी. सरकारी डॉक्टर अब अपनी व्यस्त ड्यूटी के साथ-साथ अपडेट रहने के लिए आधिकारिक कार्यक्रमों पर भरोसा कर सकेंगे.