menu-icon
India Daily

BJP की अहम बैठक: पंजाब के बड़े नेता दिल्ली तलब, 2027 चुनाव की रणनीति पर होगी चर्चा

भाजपा ने पंजाब के वरिष्ठ नेताओं को शुक्रवार शाम नई दिल्ली में तलब किया है. राष्ट्रीय संगठन सचिव बी.एल. संतोष की अगुवाई में यह बैठक 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर होगी.

KanhaiyaaZee
BJP की अहम बैठक: पंजाब के बड़े नेता दिल्ली तलब, 2027 चुनाव की रणनीति पर होगी चर्चा
Courtesy: Social Media

 

चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में इन दिनों भारतीय जनता पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है. शुक्रवार शाम करीब छह बजे नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन सचिव बी.एल. संतोष ने पंजाब BJP के तमाम बड़े और वरिष्ठ नेताओं को एक जरूरी बैठक के लिए बुलाया है. यह बैठक महज औपचारिकता नहीं, बल्कि इसके पीछे पार्टी की बड़ी राजनीतिक सोच काम कर रही है, जिसकी झलक आने वाले दिनों में साफ दिखेगी.

इस बैठक में पंजाब भाजपा के कई ताकतवर चेहरे शामिल होंगे. महासचिव अनिल सरीन और वरिष्ठ नेता अश्वनी शर्मा को विशेष रूप से बुलाया गया है. इसके अलावा राज्य के पूर्व अध्यक्षों, सुनील जाखड़, रवनीत सिंह बिट्टू, विजय सांपला और मनोरंजन कालिया की भी इस बैठक में मौजूदगी रहेगी. एक तरह से पंजाब BJP का पूरा अनुभवी खेमा एक छत के नीचे आएगा.

चंडीगढ़ से सीधे दिल्ली रवाना हुए ढिल्लों

पंजाब BJP के नवनियुक्त अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उसके तुरंत बाद दिल्ली के लिए कूच कर गए. यह उनकी राष्ट्रीय संगठन सचिव बी.एल. संतोष के साथ पहली आधिकारिक बैठक होगी. पार्टी के भीतर इसे नई टीम और नई सोच के पहले संवाद के रूप में देखा जा रहा है.

नए पदाधिकारी और संगठन पर होगी मंथन

सूत्रों के अनुसार इस बैठक में तीन बड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है, पंजाब यूनिट में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति, राज्य से जुड़े मौजूदा राजनीतिक मुद्दे और सबसे अहम, 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की जमीनी रणनीति. पंजाब में AAP सरकार को चुनौती देने के लिए BJP किस तरह खुद को तैयार करती है, यह इस बैठक की दिशा से काफी हद तक तय होगा.

नेताओं ने बताया 'रूटीन बैठक'

नाम न बताने की शर्त पर कुछ पार्टी नेताओं ने इस बैठक को सामान्य और रूटीन प्रक्रिया का हिस्सा बताया. उनका कहना है कि यह नवनियुक्त राज्य अध्यक्ष की संगठन सचिव के साथ पहली औपचारिक मुलाकात भर है. लेकिन राजनीतिक जानकार इसे उतना सामान्य नहीं मान रहे, पूर्व अध्यक्षों की एक साथ मौजूदगी खुद बताती है कि मामला कुछ बड़ा है.

2027 की तैयारी, अभी से शुरू

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव भले ही डेढ़ साल दूर हों, लेकिन BJP ने तैयारी अभी से शुरू कर दी है. संगठन को मजबूत करना, नई टीम उतारना और जमीनी स्तर पर पकड़ बनाना, यही तीन काम इस बैठक के केंद्र में हैं. जो पार्टी आज की बैठक में सही दिशा तय कर लेगी, वही कल के चुनाव में मजबूती से खड़ी होगी.