चंडीगढ़: रूपनगर जिले के नूरपुरबेदी क्षेत्र में हुई एक घटना ने साउपुर गांव के रहने वाले किसान कुलविंदर सिंह की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी है. अमरजीत सिंह के बेटे कुलविंदर, जो अपनी दिनचर्या में खेती-किसानी के काम में जुटे रहते थे, ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि महज 200 रुपये का एक छोटा सा निवेश उन्हें करोड़पति बना देगा.
कुलविंदर सिंह उस दिन अपने किसी काम से नूरपुरबेदी आए हुए थे. इसी दौरान उन्हें चने-भटूरे खाने की इच्छा हुई. खाने के बाद जब उन्हें बिल चुकाने के लिए कुछ छुट्टे पैसों की जरूरत पड़ी, तो वे मोरिंडा की मेहता लॉटरी एजेंसी के स्थानीय उप-विक्रेता 'शुक्ला लॉटरी स्टॉल' पर पहुंचे. वहां मौजूद स्टॉल मालिक ने मज़ाक-मज़ाक में उन्हें एक लॉटरी टिकट खरीदने की सलाह दी. कुलविंदर ने बिना किसी उम्मीद के 200 रुपये खर्च कर एक टिकट खरीद लिया और अपने दैनिक काम में लग गए.
कुछ ही घंटों बाद, जब किस्मत का पिटारा खुला, तो शुक्ला लॉटरी स्टॉल के मालिक चंद्र प्रकाश शुक्ला का फोन कुलविंदर के पास आया. उन्होंने बताया कि कुलविंदर का टिकट डेढ़ करोड़ के पहले इनाम का विजेता बना है. इस खबर ने न केवल कुलविंदर को दंग कर दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई.
अपनी इस अप्रत्याशित जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कुलविंदर ने बताया कि यह राशि उनके परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. उन्होंने कहा कि वे इस धन का उपयोग बेहद समझदारी से करेंगे. बच्चों की बेहतर शिक्षा, परिवार की खुशहाली और घर की जरूरतों को पूरा करने के लिए यह इनाम एक बड़ा सहारा साबित होगा. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि किस्मत कभी भी, किसी भी मोड़ पर अपना रुख बदल सकती है.