menu-icon
India Daily

पंजाब में सुस्त पड़ा मानसून, तापमान ने बढ़ाई गर्मी; तीन जिलों में आज बारिश का अलर्ट

पंजाब में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है. रविवार को ज्यादातर इलाकों में बारिश नहीं होने से तापमान में करीब 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई. सोमवार को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश की संभावना है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब में सुस्त पड़ा मानसून, तापमान ने बढ़ाई गर्मी; तीन जिलों में आज बारिश का अलर्ट
Courtesy: X (@airnewsalerts)

पंजाब में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर हो गई हैं. प्रदेश के अधिकतर हिस्से रविवार को सूखे रहे और कहीं-कहीं केवल हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 10 अगस्त को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बादलों की गर्जना के साथ बारिश हो सकती है. 

मौसम विभाग की ओर से इन इलाकों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. हालांकि, प्रदेश के बाकी जिलों के लिए सोमवार को किसी तरह की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. ऐसे में अधिकांश क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने का अनुमान है.

कैसा रहेगा अगला तीन दिन?

मानसून की सुस्ती अगले दो दिनों तक भी जारी रह सकती है. मंगलवार, 11 अगस्त को पंजाब के किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है. बुधवार, 12 अगस्त को भी प्रदेश के सभी जिलों में मौसम सामान्य श्रेणी में रहने के संकेत हैं. इसके बाद वीरवार, 13 अगस्त से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश की संभावना के संकेत हैं. इससे माना जा रहा है कि दो दिन शांत रहने के बाद सप्ताह के मध्य से मानसून की गतिविधियां दोबारा जोर पकड़ सकती हैं.

तीन डिग्री से ज्यादा बढ़ा तापमान

बारिश में कमी का असर तापमान पर भी दिखाई दिया. रविवार को पंजाब के अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में औसतन 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. चंडीगढ़ और श्री आनंदपुर साहिब में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. लुधियाना में 35.4, पटियाला में 35.1, पठानकोट और जालंधर में 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. होशियारपुर में 33.6, अमृतसर में 31.3 और बठिंडा में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

प्रदेश में रविवार को बारिश काफी सीमित रही. पठानकोट में केवल बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि रूपनगर और थेन बांध क्षेत्र में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई. अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, होशियारपुर, गुरदासपुर, कपूरथला, बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर समेत कई जिलों में बारिश नहीं हुई. फिलहाल सोमवार को तीन जिलों को छोड़कर पूरे पंजाब में मौसम शांत रहने की संभावना है.