देश के कई हिस्सों में अगले 12 घंटे मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं. उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक हो सकती है. मौसम विभाग के 10 अगस्त के अपडेट में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पूरे सप्ताह कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास बने कम दबाव वाले क्षेत्र का असर भी मौसम की गतिविधियों पर देखा जा रहा है. मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की घटनाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं.
राजधानी दिल्ली में 10 अगस्त को बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़, नोएडा, मथुरा, आगरा, बुलंदशहर, अलीगढ़, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में बारिश और आंधी की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बिहार के गया, चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी की आशंका है.
राजस्थान के झुंझुनू, सीकर, चूरू, कोटा, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जयपुर और अलवर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है. मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, छिंदवाड़ा, बालाघाट और छतरपुर सहित कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है.
उत्तराखंड के बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, सिरमौर, शिमला, मंडी, चंबा, कुल्लू और सोलन में भी बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर के पुंछ, जम्मू, कठुआ, शोपियां, डोडा, राजौरी, किश्तवाड़ और अनंतनाग सहित कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है
भारी बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा रहेगा. नदी. नाले और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तेज हवाओं के दौरान पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.