नगर निगम लुधियाना के नए कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने पदभार संभालते ही प्रशासनिक सक्रियता का स्पष्ट संदेश दिया है. जिम्मेदारी संभालने के महज एक दिन बाद ही उन्होंने सुबह सात बजे अधिकारियों की टीम के साथ शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया.
मिशन क्लीन पंजाब के तहत किए गए इस दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न इलाकों का जायजा लिया और अधिकारियों को साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश जारी किए. कमिश्नर ने अपने निरीक्षण की शुरुआत समराला चौक और उसके आसपास के रिहायशी क्षेत्रों से की.
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल कागजी योजनाओं से पूरी नहीं हो सकती. इसके लिए अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर व्यवस्था की निगरानी करनी होगी. उन्होंने कहा कि अब केवल कार्यालयों में बैठकर रिपोर्ट लेने का दौर नहीं चलेगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में गंदगी या सफाई संबंधी लापरवाही मिलेगी, वहां के संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी. जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे और कार्य में कोताही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई से भी गुरेज नहीं किया जाएगा.
दौरे के दौरान कमिश्नर ने पाया कि कई प्रमुख सड़कों के किनारों पर मिट्टी जमा होने के कारण धूल उड़ रही है, जिससे न केवल पर्यावरण प्रभावित हो रहा है बल्कि यातायात संचालन में भी परेशानी हो सकती है. इस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर मैनुअल सफाई भी करवाई जाए, ताकि सड़कों के किनारों पर जमी मिट्टी पूरी तरह हटाई जा सके. इसके अलावा उन्होंने रोड जालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे कचरा जमा न हो और पानी की निकासी बाधित न हो.
आगामी बरसाती मौसम को देखते हुए कमिश्नर ने जलभराव की समस्या को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को शहर के निचले इलाकों की पहचान कर वहां विशेष तैयारियां शुरू करने को कहा. कमिश्नर ने जोर देकर कहा कि ड्रेनेज सिस्टम, सीवर लाइन और नालों की सफाई का कार्य समय पर पूरा किया जाए, ताकि बारिश शुरू होते ही पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके. उन्होंने वाटर लॉगिंग वाले संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यक संसाधन पहले से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.