menu-icon
India Daily

LPU विवाद पर AAP का बयान, बलतेज पन्नू बोले- पंजाब पुलिस ने संयम और पेशेवर तरीके से संभाले हालात

LPU में हुए हंगामे को लेकर AAP ने कहा कि स्थिति संवेदनशील थी और पंजाब पुलिस ने संयम से काम लिया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
LPU विवाद पर AAP का बयान, बलतेज पन्नू बोले- पंजाब पुलिस ने संयम और पेशेवर तरीके से संभाले हालात
Courtesy: X

पंजाब के जालंधर के पास स्थित Lovely Professional University में हुए हंगामे के बाद आम आदमी पार्टी ने अपना पक्ष रखा है. AAP मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि सरकार छात्रों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रख रही है. उन्होंने मामले की सच्चाई सामने आने के लिए SIT जांच पूरी होने की बात कही.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि LPU में पंजाब के अलावा दूसरे राज्यों और विदेशों से भी छात्र पढ़ते हैं, इसलिए मामला काफी संवेदनशील था. उनके मुताबिक, जब प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़े और हाईवे पर रास्ता बंद हुआ, तब पुलिस ने छात्रों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल नहीं किया. उन्होंने कहा कि लाठी या पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया गया. पन्नू के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने DGP गौरव यादव को LPU भेजकर स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए थे.

SIT करेगी पूरे मामले की जांच

AAP नेता ने कहा कि सरकार ने घटनाओं की जांच के लिए SIT बनाई है और उसे पूरी पड़ताल करने का समय दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाली जानकारी को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सरकार के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा. LPU में कथित यौन उत्पीड़न से जुड़े दावे सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद प्रदर्शन हुआ था. पुलिस ने FIR दर्ज कर SIT बनाई है. वहीं यूनिवर्सिटी ने इन दावों को अफवाह बताया है.

वायरल वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में हथियारों के साथ बाहरी लोगों के यूनिवर्सिटी में आने का दावा किया गया था. पन्नू ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने ऐसे लोगों की पहचान स्पष्ट की थी और उनकी मौजूदगी की पुष्टि होने तक उन्हें वहां से हटाया गया. वहीं LPU प्रबंधन ने कहा कि यूनिवर्सिटी में भारत और करीब 50 देशों के छात्र पढ़ते हैं. प्रबंधन ने छात्रों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता बताते हुए गड़बड़ी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की बात कही.