menu-icon
India Daily

फरीदकोट में त्योहारों से पहले रेलवे स्टेशन पर सर्च, ड्रोन से की गई निगरानी

फरीदकोट में त्योहारों से पहले पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और आसपास के इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
फरीदकोट में त्योहारों से पहले रेलवे स्टेशन पर सर्च, ड्रोन से की गई निगरानी
Courtesy: X

फरीदकोट में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस ने रेलवे स्टेशनों पर विशेष चेकिंग की. अधिकारियों की निगरानी में करीब 100 पुलिसकर्मी अभियान में शामिल रहे. टीमों ने यात्रियों के सामान, संदिग्ध लोगों और पार्किंग में खड़े वाहनों की जांच की. ड्रोन से भी पूरे इलाके पर नजर रखी गई.

त्योहारों से पहले रेलवे स्टेशनों पर चला जांच अभियान

एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के निर्देश और एसपी इन्वेस्टिगेशन नरेंद्र सिंह की निगरानी में यह अभियान चलाया गया. अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर डीएसपी और एसएचओ स्तर के अधिकारियों के साथ करीब 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया. पुलिस ने एंटी-सबोटाज चेक और डॉग स्क्वाड की मदद से स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों की जांच की. इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई त्योहारों से पहले सुरक्षा को मजबूत करने के लिए की गई.

संदिग्ध लोगों और यात्रियों के सामान की जांच

एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि डीजीपी पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है. जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध नजर आने वाले लोगों को रोककर उनकी तलाशी ली. जीआरपी के सहयोग से यात्रियों के सामान की भी जांच की गई. स्टेशन परिसर में बिना किसी साफ वजह के घूम रहे लोगों से भी पूछताछ की गई. पार्किंग में खड़े वाहनों की पहचान और जानकारी वाहन ऐप के जरिए जांची गई, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि की संभावना को समय रहते देखा जा सके.

85 लोगों और 49 वाहनों की हुई जांच

पुलिस के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान 85 संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई. वहीं रेलवे स्टेशन की पार्किंग और आसपास खड़े 49 वाहनों की जांच की गई. अधिकारियों ने कहा कि जांच के दौरान यात्रियों और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका ध्यान रखा गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा जांच में सहयोग करें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सके.