menu-icon
India Daily

भीषण बाढ़ के बीच इंडियन आर्मी का 'रेस्क्यू ऑपरेशन', वीडियो में देखें कैसे जवानों ने जान जोखिम में डाल 27 लोगों को किया एयरलिफ्ट

पंजाब के गुरदासपुर में बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच भारतीय सेना ने एक बार फिर अपनी वीरता और सहस का परिचय दिया. 27 अगस्त को सेना के जवानों ने लस्सियां इलाके में फंसे 27 लोगों को सुरक्षित निकालकर एक साहसिक बचाव अभियान को अंजाम दिया.

garima
Edited By: Garima Singh
भीषण बाढ़ के बीच इंडियन आर्मी का 'रेस्क्यू ऑपरेशन', वीडियो में देखें कैसे जवानों ने जान जोखिम में डाल 27 लोगों को किया एयरलिफ्ट
Courtesy: x

Indian Army Rescue: पंजाब के गुरदासपुर में बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच भारतीय सेना ने एक बार फिर अपनी वीरता और सहस का परिचय दिया. 27 अगस्त को सेना के जवानों ने लस्सियां इलाके में फंसे 27 लोगों को सुरक्षित निकालकर एक साहसिक बचाव अभियान को अंजाम दिया. इस अभियान में सेना की विमानन इकाइयों ने तीन चीता हेलीकॉप्टरों के जरिए कई उड़ानें भरीं, जिससे लोगों की जान बचाई गई.

भारतीय सेना ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस बचाव कार्य की जानकारी शेयर करते हुए कहा, "27 अगस्त को शाम लगभग 4 बजे, पंजाब के गुरदासपुर के लस्सियां क्षेत्र में बाढ़ के बढ़ते पानी से जान-माल के खतरे की सूचना मिलने पर, एक साहसिक बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें सेना की विमानन इकाइयों के तीन चीता हेलीकॉप्टरों द्वारा कई उड़ानें भरी गईं. अत्यंत विषम उड़ान परिस्थितियों में उनकी वीरतापूर्ण और समय पर की गई कार्रवाई के कारण 27 लोगों को सफलतापूर्वक निकाला गया.'' 

अमृतसर में ऑल-टेरेन वाहनों का उपयोग

गुरदासपुर के साथ-साथ, भारतीय सेना ने अमृतसर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी तुरंत कार्रवाई की. आम आदमी पार्टी के जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक, सेना ने अपने अत्याधुनिक ऑल-टेरेन वाहन, एटीओआर एन1200 स्पेशलिस्ट मोबिलिटी व्हीकल (एसएमवी), को तैनात किया. यह वाहन हाल ही में सेना के बेड़े में शामिल किया गया है और इसे विभिन्न प्रकार के भूभागों, जैसे पानी, बर्फ, दलदल, टीले और चट्टानी क्षेत्रों में संचालित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है. इसकी तैरने की क्षमता ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य को और प्रभावी बनाया.

राज्य सरकार का सक्रिय रुख

पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा ने भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव कोशिश कर रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार बाढ़ के प्रभाव को कम करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है. पंजाब और अन्य उत्तरी राज्यों में भारी वर्षा ने कई क्षेत्रों में जनजीवन को प्रभावित किया है, लेकिन सरकार और सेना के संयुक्त प्रयासों से राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं.

भारतीय सेना: संकट में संबल

भारतीय सेना का यह प्रयास न केवल उनके साहस और समर्पण को दर्शाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि संकट के समय में देश की सेना हर नागरिक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है. गुरदासपुर और अमृतसर में किए गए इन बचाव कार्यों ने एक बार फिर सेना की मानवीय और तकनीकी क्षमता को उजागर किया है