चंडीगढ़ को साफ और स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम ने नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की नई पहल शुरू की है. अब शहर में कहीं भी खुले में कचरा फेंकने, निर्माण मलबा डालने या गंदगी फैलाने वालों की शिकायत सीधे WhatsApp के जरिए दर्ज कराई जा सकेगी. नगर निगम ने इसके लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से सफाई अभियान को मजबूती मिलेगी और नियम तोड़ने वालों पर तेज कार्रवाई सुनिश्चित होगी.
नगर निगम ने WhatsApp हेल्पलाइन नंबर 9915762917 जारी किया है. कोई भी नागरिक सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने, मलबा डालने या गंदगी फैलाने की फोटो या वीडियो इस नंबर पर भेज सकता है. शिकायत मिलने के बाद संबंधित टीम उसकी जांच करेगी. नगर निगम ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
नगर निगम का कहना है कि जांच में शिकायत सही मिलने पर दोषियों के खिलाफ म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के तहत कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों में सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की जिम्मेदारी का एहसास भी बढ़ाना है.
नगर निगम आयुक्त अमित कुमार (आईएएस) ने शहरवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से पूरे शहर को साफ रखना संभव नहीं है. अगर नागरिक भी गंदगी फैलाने वालों की जानकारी समय पर देंगे तो शहर को अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है.
WhatsApp के अलावा नागरिक Swachhata App और I’m Chandigarh App के जरिए भी सफाई से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं. इन प्लेटफॉर्म पर वेस्ट कलेक्शन, सफाई व्यवस्था और अन्य सैनिटेशन सेवाओं से जुड़े मामलों की निगरानी भी की जा सकती है. नगर निगम का दावा है कि सभी शिकायतों पर संबंधित अधिकारी जल्द कार्रवाई करेंगे.
इन दिनों नगर निगम पूरे शहर में डीप क्लीनिंग ड्राइव चला रहा है. सड़क किनारे, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों की विशेष सफाई कराई जा रही है. निगम का मानना है कि यदि नागरिक शिकायत दर्ज कराने में सहयोग करेंगे तो खुले में कचरा फेंकने की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी और शहर की स्वच्छ पहचान और मजबूत होगी.