चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल हॉल के कैशियर जानकी दास की हत्या के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को जम्मू से ट्रांजिट रिमांड पर चंडीगढ़ लाया जा रहा था. रास्ते में आरोपियों ने पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश की.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को पहले रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया था. हालांकि, जब उन्होंने पुलिस के निर्देशों का पालन नहीं किया, तो पुलिस को मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी.
मिली जानकारी के मुताबिक भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने फायरिंग की. इस कार्रवाई में आरोपी आर्यन और सन्नी मेहरा के पैर में गोली लग गई. दोनों घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है. वहीं तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने मौके पर ही काबू कर लिया और सुरक्षित हिरासत में ले लिया.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल हॉल में दिनदहाड़े कैशियर जानकी दास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी.मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को जम्मू-कश्मीर से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले. इसके बाद पुलिस टीमों ने वहां अभियान चलाकर आर्यन, सन्नी मेहरा और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था.
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की साजिश, आरोपियों के नेटवर्क और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे भी सामने आ सकते हैं.