menu-icon
India Daily

पंजाब मिशन पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, तीन दिवसीय दौरे से चुनावी रणनीति को मिलेगी धार

पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट तेज होती जा रही है. इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का तीन दिवसीय पंजाब दौरा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
पंजाब मिशन पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, तीन दिवसीय दौरे से चुनावी रणनीति को मिलेगी धार
Courtesy: ANI

पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट तेज होती जा रही है. इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का तीन दिवसीय पंजाब दौरा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. पार्टी इस दौरे को सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि चुनावी तैयारियों की अहम कड़ी मान रही है. माना जा रहा है कि इस दौरान संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं का मनोबल और जमीनी फीडबैक पर विशेष फोकस रहेगा.

नितिन नबीन 20 जून से अपने पंजाब दौरे की शुरुआत अमृतसर से करेंगे. इसके बाद वे जालंधर और लुधियाना में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. दौरे के दौरान वह पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, उद्योगपतियों और युवाओं से मुलाकात कर राज्य की राजनीतिक स्थिति का आकलन करेंगे.

जमीनी फीडबैक जुटाने पर रहेगा जोर

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की नींव होता है. इसी सोच के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. लुधियाना में वे प्रदेशभर के सैकड़ों मंडल और शक्ति केंद्र पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन की वास्तविक स्थिति जानेंगे.

चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार भाजपा पंजाब में इस बार अधिक आक्रामक रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरना चाहती है. पार्टी का उद्देश्य उन क्षेत्रों की पहचान करना है जहां उसे बढ़त मिली है और उन सीटों पर विशेष फोकस करना है जहां जीत का अंतर बेहद कम रहा था. इसके लिए माइक्रो प्लानिंग और बूथ स्तर तक रणनीति तैयार की जा रही है.

युवाओं और व्यापारिक वर्ग से संवाद

दौरे के दौरान नितिन नबीन उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. इसके अलावा लुधियाना में आयोजित यूथ कॉन्क्लेव के जरिए युवा मतदाताओं से सीधा संवाद भी स्थापित किया जाएगा. भाजपा का मानना है कि युवा वर्ग आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभा सकता है.

तीन दिन का व्यस्त कार्यक्रम

अमृतसर में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के साथ शुरू होने वाला यह दौरा जालंधर और लुधियाना में कई संगठनात्मक बैठकों तक चलेगा. अंतिम दिन प्रदेश कोर ग्रुप, जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकों में आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.