श्री माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी है. अमृतसर से कटरा जाने वाली लोकप्रिय वंदे भारत एक्सप्रेस 16 जून से दोबारा दौड़ने जा रही है. सात महीने के लंबे इंतजार के बाद रेलवे ने इस ट्रेन को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है. नए रूट, नए समय और बेहतर सुविधाओं के साथ शुरू हो रही यह सेवा न सिर्फ श्रद्धालुओं बल्कि पंजाब के कई शहरों के आम यात्रियों के लिए भी बड़ी सुविधा बनकर आएगी. इससे पहले जो आने जाने में परेशानी होती है अब वो काफी हद तक कम हो जाएगी.
ट्रेन अब गुरदासपुर और बटाला स्टेशन होकर चलेगी. इससे इन इलाकों के लोगों को सीधे वंदे भारत में सफर करने का मौका मिलेगा. रेलवे ने ट्रेन का साप्ताहिक अवकाश भी बदल दिया है. अब यह शनिवार को नहीं चलेगी और सप्ताह में छह दिन नियमित सेवा देगी.
ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर से शाम 4:25 बजे रवाना होकर रात 10 बजे कटरा पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 26406 कटरा से सुबह 6:40 बजे चलेगी और दोपहर 12:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी. पूरा सफर पांच घंटे 35 मिनट में पूरा होगा. प्रमुख ठहराव बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट और जम्मू तवी पर होंगे.
वंदे भारत के दोबारा शुरू होने से माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को तेज, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का बेहतर विकल्प मिलेगा. अमृतसर, गुरदासपुर, बटाला और पठानकोट क्षेत्र के यात्रियों को खास फायदा होगा. आगामी यात्रा सीजन में धार्मिक पर्यटन को भी इससे मजबूत बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नया रूट पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगा. आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत अब ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी और क्षेत्रीय विकास में भी सहायक सिद्ध होगी.