menu-icon
India Daily

Missile Debris Video: अमृतसर के गांवों में मिला मिसाइल का मलबा, स्वर्णनगरी में रात भर गूंजती रही धमाकों की आवाज

Missile Debris Found In Amritsar: अमृतसर के बाहरी इलाके जेठूवाल और पंधेर गांवों के खेतों में मिसाइल जैसे दिखने वाले हिस्से मिले.

princy
Edited By: Princy Sharma
Missile Debris Video: अमृतसर के गांवों में मिला मिसाइल का मलबा, स्वर्णनगरी में रात भर गूंजती रही धमाकों की आवाज
Courtesy: X

Missile Debris Found In Amritsar: भारत-पाकिस्तान सीमा के पास पंजाब के शहर अमृतसर में गुरुवार सुबह उस समय भय का माहौल छा गया जब रात करीब 1 बजे जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं और आसमान में रोशनी की चमक दिखाई दी. इसके तुरंत बाद शहर में बिजली गुल हो गई, जिससे दहशत और बढ़ गई. वहीं, सुबह शहर के बाहरी इलाके जेठूवाल और पंधेर गांवों के खेतों में मिसाइल जैसे दिखने वाले हिस्से मिले.

स्थानीय निवासी प्रकाश सिंह ने बताया कि जोरदार विस्फोट के बाद लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए. जेठूवाल के एक खेत में मिसाइल जैसे दिखने वाले कुछ धातु के हिस्से मिले. इसके टुकड़े आस-पास के घरों में भी बिखरे पड़े थे. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जो मौके पर पहुंची और जांच के लिए मलबे को अपने साथ ले गई. सेना के जवानों ने अमृतसर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में उस क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है जहां मिसाइल का मलबा मिला है. 

पंढेर गांव से संदिग्ध वस्तु बरामद

एक अन्य निवासी जसविंदर सिंह, जो पेशे से वकील हैं उन्होंने बताया कि तेज आवाज सुनकर वे अचानक जाग गए. शहर के अन्य इलाकों से उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों ने भी उन्हें फोन करके चिंतित किया कि आखिर हुआ क्या है उन्होंने बताया कि उनके इलाके में छतों पर धातु के हिस्से भी मिले हैं. पंढेर गांव से एक और संदिग्ध वस्तु भी बरामद की गई, जो मजीठा पुलिस थाने के अंतर्गत आता है.

कोई डिटेल शेयर करने की अनुमति नहीं

पुलिस अधिकारियों ने कोई डिटेल शेयर नहीं किया है और टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रोटोकॉल बदल गया है और उन्हें इस समय स्थिति के बारे में बात करने की अनुमति नहीं है. हालांकि विस्फोटों के सटीक कारण की अभी भी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह ज्ञात है कि अमृतसर अंतरराष्ट्रीय सीमा से सिर्फ 30 किलोमीटर दूर है. पंजाब पुलिस का कहना है कि हवा में ही पाकिस्तानी मिसाइल गिराई गई. पाकिस्तान द्वारा किये गये हमलों को भारतीय रक्षा प्रणाली द्वारा हवा में ही रोक दिया गया, जिससे कोई क्षति नहीं हुई.

'ऑपरेशन सिंदूर' 

बुधवार से शहर हाई अलर्ट पर है, जब भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था - पाकिस्तान और PoK में नौ आतंकवादी शिविरों पर समन्वित हमला. यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें 26 निर्दोष लोग मारे गए थे.