menu-icon
India Daily

पंजाब नगर निकाय चुनाव में आप की धमाकेदार जीत, 690 से ज्यादा वॉर्ड जीते, वोटों की गिनती जारी

आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने इस व्यापक जनादेश का श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिया. उन्होंने कहा कि पंजाब में बीजेपी की ईडी राजनीति विफल रही है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
पंजाब नगर निकाय चुनाव में आप की धमाकेदार जीत, 690 से ज्यादा वॉर्ड जीते, वोटों की गिनती जारी
Courtesy: x

आम आदमी पार्टी ने पंजाब नगर निकाय चुनाव में धमाकेदार जीत दर्ज की है. शुक्रवार को वोटों की गिनती जारी रहने तक आप के उम्मीदवारों ने 102 नगर निकायों में कुल 1,897 वार्डों में से 690 से अधिक वार्डों में आसानी से जीत हासिल की. इस शानदार जीत के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे पंजाब में जश्न मनाया. कार्यकर्ताओं ने ढोल नागोड़ों के साथ मिठाइयां भी बांटीं.

आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने इस व्यापक जनादेश का श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिया. केंद्र सरकार और आप नेताओं पर हाल ही में प्रवर्थन निदेशालय (ED) द्वारा  की गई छापेमारी पर निशाना साधते हुए सिसोदिया ने कहा कि पंजाब में बीजेपी की ईडी राजनीति विफल रही है. उन्होंने दावा किया कि 1,142 बीजेपी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है. वहीं पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस बात को दोहराते हुए कहा कि पारदर्शी ढंग से संपन्न हुए चुनाव पिछले चार सालों में आप सरकार के विकास एजेंडा का प्रत्यक्ष जनसमर्थन हैं.

 

26 मई को मतपत्रों के माध्यम से हुए चुनावों में 63.94% मतदान हुआ था. मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट- इन आठ प्रमुख नगर निगमों के साथ-साथ 75 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों में कु 7,554 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से 80 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए. पंजाब राज्य चुनाव आयोग के डेटा के अनुसार, कांग्रेस ने 281 वार्डों में जीत दर्ज की, निर्दलीयों ने 217, शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने 150 बीजेपी ने 79 और बीएसपी ने 6 वार्डों में जीत दर्ज की.

कांग्रेस के गढ़ में लगाई सेंध

नगर निकाय चुनाव के नतीजों से साफ पता चलता है कि आम आदमी पार्टी ने उन वार्डों में भी जीत हासिल की जो कांग्रेस के गढ़ हुआ करते थे. गिद्दरबाहा नगर परिषद जो पंजाब कांग्रेस प्रमुख और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का गढ़ मानी जाती थी वहां आप ने 19 वार्डों में से 17 वार्डो में जीत दर्ज की और कांग्रेस केवल दो सीटों पर सिमट गई. वहीं धुरी नगर परिषद जो सीएम भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र में आती है, आप ने सभी 19 वार्डों में जीत दर्ज की. हालांकि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के गृह क्षेत्र चमकौर साहिब नगर परिषद में कांग्रेस को थोड़ी राहत मिली और उसने वहां आप के तीन के मुकाबले सात वार्डों पर कब्जा जमाया.