पंजाब के संगरूर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां मूनक इलाके में एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद महिलाओं और बच्चों समेत करीब 70 लोग अचानक बीमार पड़ गए हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया और लोगों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया. फिलहाल सभी बीमार लोगों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों के मुताबिक शादी समारोह में शामिल हुए कई लोगों को खाना खाने के कुछ समय बाद उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी. धीरे धीरे बीमार लोगों की संख्या बढ़ती गई जिसके बाद परिवार और वहां मौजूद लोग मरीजों को अस्पताल लेकर पहुंचे.
बीमार पड़े लोगों को मूनक के सिविल अस्पताल के अलावा आसपास के कई निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है. कुछ मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए संगरूर रेफर किया गया है. अस्पतालों में अचानक बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया. प्रशासन ने तुरंत डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को तैनात किया ताकि इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो.
पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने मूनक सिविल अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना. उन्होंने अस्पताल में भर्ती लोगों और उनके परिजनों से बातचीत की और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया. मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी मरीजों को बिना किसी देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. गोयल ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमें अस्पतालों में पहुंच गईं. इलाज की प्रक्रिया को तेज किया गया और अलग अलग इलाकों से डॉक्टरों की विशेष टीमें बुलाई गईं. जानकारी के मुताबिक कोहरियां, संगरूर, भवानीगढ़ और लेहरागागा से डॉक्टरों की टीमें इलाज में लगी हुई हैं. इसके अलावा पटियाला से भी एक विशेष मेडिकल टीम मूनक अस्पताल पहुंच रही है ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके.