होशियारपुर: होशियारपुर जिले में एक चार साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया, जिसे करीब नौ घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था लेकिन आखिरकार राहत की खबर सामने आई.
बच्चे का नाम गुरकरण सिंह है. अधिकारियों के मुताबिक वह शुक्रवार शाम अपने घर के पास खेल रहा था, तभी चक समाना गांव में खुले पड़े नए बोरवेल में गिर गया. यह बोरवेल करीब 20 से 30 फीट गहरा था.
That’s how a good rescue effort looks like - a cheer amongst relief workers as a 4 year old child is recovered from Borewell.
— kamaljit sandhu (@kamaljitsandhu) May 16, 2026
What a relief to parents !
Visuals by @AseemBassi pic.twitter.com/MAbNZgsaDG
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, NDRF, SDRF, पंजाब पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
बच्चे की हालत जानने के लिए बोरवेल के अंदर कैमरा और ऑक्सीजन पाइप भेजा गया. शुरुआत में कैमरे में बच्चे की हलचल दिखाई दे रही थी, जिससे राहत टीमों को उसकी स्थिति समझने में मदद मिली. बाद में ढीली मिट्टी गिरने लगी, जिससे रेस्क्यू और मुश्किल हो गया.
अधिकारियों ने बच्चे तक पहुंचने के लिए करीब 25 से 30 फीट गहरा समानांतर गड्ढा खोदा और फिर एक सुरंग बनाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला. इस दौरान भारी मशीनों का इस्तेमाल बेहद सावधानी से किया गया ताकि बच्चे को कोई नुकसान न पहुंचे.
रात करीब 12:40 बजे रेस्क्यू टीम ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और तुरंत अस्पताल भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है और डॉक्टर उसकी जांच कर रहे हैं.
NDRF के डिप्टी कमांडेंट पंकज शर्मा ने कहा कि ढीली मिट्टी के कारण यह ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने लगातार मेहनत की. डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया था. बचाव अभियान के दौरान बच्चे की मां को भी मौके पर बुलाया गया ताकि वह उससे बात कर सके और बच्चा शांत रह सके. गांव के लोग पूरी रात मौके पर डटे रहे.