menu-icon
India Daily

पुणे में प्यार का खौफनाक अंत! प्रेमिका की हत्या कर शव के पास पूरी रात बैठा रहा सॉफ्टवेयर इंजीनियर

महाराष्ट्र के पुणे स्थित हिंजवड़ी आईटी हब से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी ही प्रेमिका की हत्या करने का आरोप है.

Shilpa Shrivastava
पुणे में प्यार का खौफनाक अंत! प्रेमिका की हत्या कर शव के पास पूरी रात बैठा रहा सॉफ्टवेयर इंजीनियर
Courtesy: Pinterest

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे स्थित हिंजवड़ी आईटी हब से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी ही प्रेमिका की हत्या करने का आरोप है. दोनों पिछले दो-तीन साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और शादी करने की तैयारी में थे. दोनों परिवार भी इस रिश्ते के लिए राजी थे, लेकिन आपसी शक और विवाद ने रिश्ते को ऐसी दर्दनाक स्थिति में पहुंचा दिया कि एक युवती की जान चली गई.

 घटना के बाद आरोपी पूरी रात अपनी प्रेमिका के शव के पास बैठा रहा और अगली सुबह खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी. चलिए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या था. 

कौन हैं मृतक युवती और आरोपी?

मृतक युवती की पहचान कोमल डहाके के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवक का नाम शुभम ज्ञानेश्वर कालबांडे बताया गया है. दोनों पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और पुणे के आईटी सेक्टर में काम करते थे. जानकारी के मुताबिक, शुभम हिंजवड़ी स्थित इन्फोसिस कंपनी में नौकरी करता था, जबकि कोमल विप्रो में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी. दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और पिछले करीब दो से तीन साल से साथ रह रहे थे. परिवारों की सहमति के बाद दोनों शादी करने की योजना भी बना रहे थे.

शक और विवाद ने बिगाड़ा रिश्ता:

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा था. कोमल को शुभम पर किसी दूसरी लड़की के साथ संबंध होने का शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर बहस और विवाद होते थे. रविवार रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. 

इस दौरान शुभम अपना आपा खो बैठा और कोमल के साथ मारपीट करने लगा. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और उसने कोमल के सिर और गले पर लात-घूंसों से हमला कर दिया. गंभीर चोटों के कारण कोमल बेहोश हो गई. बाद में उसकी मौत हो गई. हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

हत्या के बाद पूरी रात शव के पास बैठा रहा आरोपी:

इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि कोमल की मौत के बाद भी आरोपी शुभम कथित तौर पर पूरी रात उसके शव के पास बैठा रहा. अगले दिन सुबह उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम के आपातकालीन नंबर 112 पर फोन किया और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है.

सूचना मिलने के बाद हिंजवड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को कमरे में कोमल अचेत अवस्था में मिली. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने आरोपी शुभम ज्ञानेश्वर कालबांडे को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.