menu-icon
India Daily

भोपाल में खौफ का खेल खत्म! महिलाओं पर हमला करने वाला ‘सीरियल कटर’ इनामी बदमाश गिरफ्तार

भोपाल में महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला करने वाले इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. चार घटनाओं के बाद आरोपी की तलाश में बड़ी कार्रवाई की गई थी, जिसमें सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य अहम साबित हुए.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
भोपाल में खौफ का खेल खत्म! महिलाओं पर हमला करने वाला ‘सीरियल कटर’ इनामी बदमाश गिरफ्तार
Courtesy: social media

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले कुछ दिनों से महिलाओं पर हो रहे रहस्यमय हमलों ने शहर में दहशत का माहौल बना दिया था. सड़क पर अकेली चल रही युवतियों को निशाना बनाकर धारदार हथियार से हमला किया जा रहा था. पुलिस ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बड़े स्तर पर जांच शुरू कर दी है. करीब 900 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सैकड़ों संदिग्धों से पूछताछ के बाद आखिरकार पुलिस को बड़ी सफलता मिली.

महिलाओं पर सिलसिलेवार हमले

पुलिस के अनुसार, शहर के पिपलानी और अयोध्या नगर थाना क्षेत्रों में चार अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं पर हमला किया गया था. आरोपी ने रात के समय अकेली चल रही युवतियों को निशाना बनाया और पेपर कटर जैसे धारदार हथियार से वार कर दिया. इन घटनाओं के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया था और लोग रात में बाहर निकलने से कतरा रहे थे.

सीसीटीवी से मिला अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने शहरभर के करीब 900 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी. इन्हीं फुटेज में एक संदिग्ध बाइक नजर आई, जिसका नंबर पुलिस के लिए बड़ा सुराग साबित हुआ. इसके साथ ही करीब 600 पुराने बदमाशों से पूछताछ की गई और लगभग 100 संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच की गई, तब जाकर आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका.

कौन है आरोपी और क्या है उसका अतीत

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी ने बताया कि आरोपी की पहचान सागर जिले के राहतगढ़ निवासी 37 वर्षीय देवेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है. वह आदतन अपराधी है और पहले भी सागर में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. उन मामलों का खुलासा न होने से उसके हौसले और बढ़ गए थे, जिसके बाद उसने भोपाल में वारदात शुरू की.

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने 40 टीमें बनाई थीं और 150 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी इस ऑपरेशन में लगाए गए थे. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फिर से वारदात की तैयारी में है. इसके बाद घेराबंदी कर अयोध्या बायपास के छोला मंदिर इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

नशे की लत और आगे की जांच

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशीले पदार्थों का सेवन करता था और अश्लील कंटेंट देखने का आदी भी था. उसने पूछताछ में नशे की बात स्वीकार की है. फिलहाल आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पीछे कोई और वजह या नेटवर्क तो नहीं था.