भोपाल: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुलिस विभाग से जुड़ी बड़ी खबर है. राज्य में आरक्षक यानी कांस्टेबल के 7500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है. कर्मचारी चयन मंडल यानी ESB ने परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है. इच्छुक उम्मीदवार 22 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर रखी गई है. भर्ती परीक्षा 19 नवंबर 2026 से संभावित रूप से शुरू होगी और इसका आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा.
आरक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर 2026 से शुरू होंगे. उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक फॉर्म भर सकेंगे. आवेदन में गलती होने पर 22 सितंबर से 11 अक्टूबर तक संशोधन की सुविधा मिलेगी. उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम दिन का इंतजार न करें और समय रहते फॉर्म जमा कर दें.
मध्य प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 19 नवंबर 2026 से संभावित रूप से शुरू होगी. परीक्षा कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन माध्यम से होगी. उम्मीदवारों को केंद्र पर तय समय से पहले पहुंचना होगा, ताकि पहचान जांच और दूसरी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें.
अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए मंडल परीक्षा शुल्क 500 रुपये है. मध्य प्रदेश के मूल निवासी SC, ST, OBC और EWS उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा. पुलिस विभाग का शुल्क अलग होगा, जो अनारक्षित वर्ग के लिए 200 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 100 रुपये है.
MP Online कियोस्क से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 60 रुपये पोर्टल शुल्क देना होगा. वहीं रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के जरिए आवेदन करने पर 20 रुपये अतिरिक्त शुल्क लगेगा. आवेदन से पहले उम्मीदवारों को सभी जरूरी जानकारी और दस्तावेज तैयार रखने चाहिए.
पहली पाली में सुबह 8 से 9 बजे तक रिपोर्टिंग होगी. 9:50 से 10 बजे तक निर्देश दिए जाएंगे और 10 से 12 बजे तक परीक्षा होगी. दूसरी पाली में दोपहर 1 से 2 बजे रिपोर्टिंग होगी. 2:50 से 3 बजे तक निर्देशों के बाद 3 से 5 बजे तक परीक्षा होगी. भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए उम्मीदवार ESB की आधिकारिक वेबसाइट https://esb.mp.gov.in/hindi/h_default.html पर नजर रखें.