मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला की कथित तौर पर उसके पति ने हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार महिला घरेलू विवाद और मारपीट की शिकायत करने के लिए थाने जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उस पर हमला कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है. जानकारी के अनुसार घटना डिमनी थाना क्षेत्र के सहारियन का पूरा गांव की है. बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर पति धर्मेंद्र और उसकी पत्नी निशा के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था. परिजनों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया और महिला के साथ मारपीट की गई. इसके बाद निशा ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया और थाने के लिए निकल पड़ी.
पुलिस के मुताबिक महिला जब थाने जा रही थी, तभी आरोपी पति ने उसका पीछा किया और रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि उसने लोहे की रॉड से महिला के सिर पर हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि महिला को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला पुलिस से मदद मांगने जा रही थी. इसी दौरान उस पर हमला किया गया. अधिकारियों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और मामले से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं. जांच के दौरान गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.
पुलिस जांच में महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है. अधिकारियों का कहना है कि चोटों की प्रकृति से हिंसक हमले की पुष्टि होती है. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि घटना से पहले महिला के साथ किसी प्रकार की लगातार प्रताड़ना या घरेलू हिंसा की शिकायतें थीं या नहीं. मृतका के भाई द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. इसके बाद आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.