menu-icon
India Daily

जंगल, झरने और विरासत का संगम... कम बजट में घूमिए मध्य प्रदेश, IRCTC लाया शानदार 9 दिन का टूर पैकेज

IRCTC का 8 रात और 9 दिन का 'MP Wildlife & Heritage Rail Tour' पैकेज 33,700 रुपये से शुरू होता है. इसमें मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा, ट्रेन टिकट, होटल, स्थानीय परिवहन, कुछ भोजन और ट्रैवल इंश्योरेंस शामिल हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
जंगल, झरने और विरासत का संगम... कम बजट में घूमिए मध्य प्रदेश, IRCTC लाया शानदार 9 दिन का टूर पैकेज
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन यानी IRCTC ने प्रकृति, वन्यजीव और ऐतिहासिक स्थलों की सैर पसंद करने वाले यात्रियों के लिए 'MP Wildlife & Heritage Rail Tour' पैकेज लॉन्च किया है. यह पैकेज 8 रात और 9 दिन का है, जिसमें मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा कराई जाएगी. पैकेज की शुरुआती कीमत 33,700 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है.

इस टूर पैकेज के तहत यात्रियों को कान्हा, जबलपुर, खजुराहो, बांधवगढ़ और अमरकंटक जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. यात्रा की शुरुआत कोलकाता के हावड़ा रेलवे स्टेशन से होगी. ट्रेन प्रत्येक शनिवार शाम 7:30 बजे रवाना होगी और वापसी भी शनिवार को ही निर्धारित है. परिचालन कारणों से ट्रेन के समय में बदलाव संभव हो सकता है.

क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

पैकेज में यात्रियों को थर्ड एसी श्रेणी में कन्फर्म ट्रेन टिकट उपलब्ध कराया जाएगा. होटल में ठहरने की व्यवस्था भी शामिल है. इसके तहत कान्हा में एक रात, जबलपुर में एक रात, खजुराहो में दो रात, बांधवगढ़ में एक रात और अमरकंटक में एक रात ठहरने की सुविधा मिलेगी. पूरे टूर के दौरान स्थानीय भ्रमण और ट्रांसफर के लिए एयर कंडीशंड वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी.

भोजन की सुविधा भी पैकेज का हिस्सा है. जबलपुर, खजुराहो और अमरकंटक में नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा. वहीं कान्हा और बांधवगढ़ में नाश्ते के साथ रात्रि भोजन भी शामिल रहेगा. इसके अलावा यात्रियों को ट्रैवल इंश्योरेंस और सभी लागू टैक्स का लाभ भी मिलेगा.

क्या है यहां की खासियत?

मध्य प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में प्रसिद्ध है. विंध्य और सतपुड़ा पर्वत श्रृंखलाओं से घिरा यह राज्य नर्मदा, बेतवा, चंबल, ताप्ती और सोन जैसी प्रमुख नदियों का उद्गम और प्रवाह क्षेत्र भी है. बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान अपने बाघों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है, जबकि खजुराहो के विश्व प्रसिद्ध मंदिर और अमरकंटक का धार्मिक महत्व इस यात्रा को और खास बनाते हैं.

कितना है किराया?

यात्रा शुल्क की बात करें तो 1 मई से 30 सितंबर 2026 तक ट्रिपल शेयरिंग आधार पर प्रति व्यक्ति किराया 33,700 रुपये रखा गया है. वहीं 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक यही किराया बढ़कर 34,550 रुपये प्रति व्यक्ति हो जाएगा. डबल और सिंगल शेयरिंग के अनुसार पैकेज की कीमत अलग हो सकती है.

हालांकि इस पैकेज में दोपहर का भोजन, ट्रेन यात्रा के दौरान भोजन, जंगल सफारी, राष्ट्रीय उद्यान प्रवेश शुल्क, बोटिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यक्तिगत खर्च, पोर्टर शुल्क, मिनरल वाटर, अतिरिक्त दर्शनीय स्थल और हावड़ा रेलवे स्टेशन तक आने जाने का खर्च शामिल नहीं है. यात्रियों को इन सुविधाओं के लिए अलग से भुगतान करना होगा.