menu-icon
India Daily

इंदौर MBA छात्रा हत्याकांड: आरोपी ने प्रेमिका पर चाकू से किए थे ताबड़तोड़ वार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे

यह घटना इंदौर के द्वारकापुरी इलाके की है. जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को आरोपी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी थी. घटना के तीन दिन बाद इलाके में दुर्गंध फैलने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

Anuj
Edited By: Anuj
इंदौर MBA छात्रा हत्याकांड: आरोपी ने प्रेमिका पर चाकू से किए थे ताबड़तोड़ वार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे
Courtesy: @SachinGuptaUP

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में एमबीए की 25 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद कई नए तथ्य सामने आए हैं. जांच अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट में बताया गया है कि छात्रा की मौत गला दबाने से नहीं बल्कि चाकू से किए गए कई वार और अत्यधिक खून बहने के कारण हुई थी.

पोस्टमॉर्टम में पीड़िता के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान मिले हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, आरोपी ने छात्रा पर बार-बार चाकू से वार किया, जिससे गंभीर चोटें आई और अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई.

आरोपी ने पूछताछ में झूठ बोला

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी पीयूष ने शुरुआत में पुलिस पूछताछ के दौरान कहा था कि उसने पहले अपनी गर्लफ्रेंड की गला दबाकर हत्या की थी. उसका दावा था कि बाद में उसे शक हुआ कि कहीं वह जिंदा न बच जाए, इसलिए उसने चाकू से कई वार कर दिए. जांच अधिकारियों का कहना है कि संभव है कि गला दबाने से पीड़िता बेहोश हो गई हो, लेकिन उसकी जान चाकू से किए गए लगातार हमलों के बाद ही गई.

द्वारकापुरी इलाके में घटी घटना

यह घटना इंदौर के द्वारकापुरी इलाके की है. जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को आरोपी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी थी. घटना के तीन दिन बाद इलाके में दुर्गंध फैलने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद 13 फरवरी को छात्रा का शव बरामद हुआ. पुलिस ने अगले दिन आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया. जांच में सामने आया कि वह वहां जाकर कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की आत्मा से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था.

शक्तिवर्धन दवाई से असामान्य हुआ व्यवहार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने वारदात से पहले कथित रूप से ताकत बढ़ाने वाली दवाइयां ली थी. अधिकारियों के अनुसार, इन दवाइयों की अधिक मात्रा लेने के कारण उसका व्यवहार असामान्य हो गया था. पुलिस का यह भी कहना है कि हत्या से पहले और बाद में आरोपी ने पीड़िता के साथ गंभीर आपराधिक हरकतें की, जिसकी जांच अभी जारी है.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता दोनों इंदौर के एक निजी कॉलेज में एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे और करीब एक साल से रिश्ते में थे. जांच में सामने आया है कि आरोपी पीयूष पीड़िता से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार की सहमति नहीं मिल रही थी.

और साथ ही उसे यह शक भी था कि उसकी गर्लफ्रेंड अन्य लड़कों से बात करती है. इन कारणों से दोनों के बीच तनाव बढ़ गया और अंत में आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया गया है.