मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में रविवार तडके यात्रियों से भरी बस भीषण हादसे का शिकार हो गई. नेशनल हाईवे-52 पर टूकराना जोड के पास बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में बस में सवार 29 यात्री घायल हो गए. सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी बस सारंगपुर की ओर से आ रही थी और इंदौर की तरफ जा रही थी. रविवार सुबह जब बस शाजापुर जिले में टूकराना जोड के पास पहुंची, तभी अचानक वह अनियंत्रित हो गई और हादसे का शिकार हो गई. दुर्घटना इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई.
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद शुरू कर दी. कुछ ही देर में राहत और बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गया. घटना की जानकारी मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 और 108 की टीमें सक्रिय हो गईं.
दोनों सेवाओं की मदद से सभी 29 घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया. बताया जा रहा है कि हादसे में घायल दो यात्रियों की हालत गंभीर है. दोनों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने दुर्घटना के बाद मौके का जायजा लिया और बस में सवार यात्रियों से घटना की जानकारी जुटाई. हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बस किस वजह से अनियंत्रित हुई. तेज रफ्तार, चालक का नियंत्रण बिगडना या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है.