menu-icon
India Daily

चित्रकूट में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचेंगे CM योगी, 800 परिवारों को राहत और जमीन का तोहफा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे. वे हवाई सर्वे करेंगे, 800 परिवारों को राहत सामग्री देंगे और बेघर परिवारों को जमीन के प्रमाण-पत्र सौंपेंगे.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
चित्रकूट में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचेंगे CM योगी, 800 परिवारों को राहत और जमीन का तोहफा
Courtesy: ANI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे. मुख्यमंत्री बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों की स्थिति का मौके पर जायजा लेंगे. इस दौरान वे प्रभावित 800 परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे. आपदा के चलते जिन परिवारों के घर छिन गए हैं, उन्हें जमीन आवंटन के प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे. इसके अलावा पात्र पीड़ित परिवारों को SDRF से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी.

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का होगा हवाई सर्वे

मुख्यमंत्री सबसे पहले बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. इसके जरिए वे बाढ़ से प्रभावित बस्तियों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान की स्थिति देखेंगे. सर्वे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों से जिले में चल रहे राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली जाएगी. मुख्यमंत्री यह भी देखेंगे कि प्रभावित लोगों तक सरकारी सहायता समय पर पहुंच रही है या नहीं.

रैन बसेरे में पीड़ितों से मिलेंगे CM

हवाई सर्वेक्षण के बाद योगी आदित्यनाथ एक रैन बसेरे का दौरा करेंगे. यहां वे बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनेंगे. मुख्यमंत्री पीड़ित परिवारों से उनकी मौजूदा जरूरतों और सरकारी मदद के बारे में जानकारी लेंगे. अधिकारियों की ओर से उन्हें जिले में चलाए जा रहे राहत और पुनर्वास अभियान की प्रगति से भी अवगत कराया जाएगा.

800 परिवारों को मिलेगी राहत सामग्री

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे. इसके साथ ही बाढ़ के कारण बेघर हुए परिवारों को जमीन आवंटन से जुड़े प्रमाण-पत्र भी सौंपे जाएंगे. पात्र प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष यानी एसडीआरएफ से आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी शामिल है. सरकार का उद्देश्य संकट में फंड़े परिवारों को तत्काल राहत के साथ आगे के पुनर्वास में मदद देना है.

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', जिला पंचायत प्रशासक अशोक जाटव, चित्रकूट धाम कर्वी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता और मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी मौजूद रहेंगे. उनके अलावा प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री की समीक्षा से राहत कार्यों की जमीनी स्थिति सामने आने और प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर आगे की कार्रवाई तय होने की उम्मीद है.