भोपाल में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली नोएडा की ट्विशा शर्मा के शव का दिल्ली AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा. भोपाल के कोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग वाली याचिका को ख़ारिज कर दिया है. ट्विशा शर्मा के मायके वालों ने उनकी मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कोर्ट में याचिका दाखिल की थी.
इधर अपनी मांगों को लेकर ट्विशा के परिजन लगातार प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं और इसी वजह से उन्होंने अभी तक शव भी नहीं लिया है. ट्विशा का शव अब ख़राब होने लगा है, जिसकी वजह से प्रशासन द्वारा बार-बार परिजनों से शव लेने को कहा जा रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक ट्विशा के शव को फ़िलहाल AIIMS भोपाल की मोर्चरी में -4°C तापमान पर रखा गया है, लेकिन शव को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए -80°C तापमान की जरुरत है. हालांकि भोपाल में ऐसी कोई जगह नहीं है जहां -80°C तापमान पर शव को सुरक्षित रखा जा सके.
कोर्ट ने शव के ख़राब होने के मामले का भी संज्ञान लिया है और कहा है कि इस संबंध में SHO पुलिस थाना कटारा हिल्स को एक पत्र जारी किया जाए, जिसमें उन्हें निर्देश दिया जाए कि वे चिकित्सा संस्थानों से तत्काल लिखित जानकारी लें कि क्या मध्य प्रदेश के अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों और मध्य प्रदेश के अन्य महानगरों के चिकित्सा संस्थानों में कम तापमान पर शव को सुरक्षित रखने की सुविधा उपलब्ध है.कोर्ट ने इस मामले में बिना किसी देरी के लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए हैं.
बता दें कि इस मामले में भोपाल पुलिस ने स्पष्ट किया था कि अगर कोर्ट दोबारा पोस्टमार्टम करवाने का आर्डर देती है, तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है. बता दें कि इस मामले में भोपाल पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम में ये बात सामने आई थी कि ट्विशा की मौत फांसी लगाने से ही हुई है. हालांकि ट्विशा के परिजन लगातार कह रहे हैं कि ये मामला हत्या का है.