चित्रदुर्ग: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में बुधवार को एक मामूली लेनदेन का विवाद अचानक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया. संथे मैदान के पास स्थित एक मोबाइल दुकान में ग्राहक और दुकानदार के बीच स्क्रीन गार्ड बदलने को लेकर बहस छिड़ी.
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि ग्राहक ने कथित तौर पर धारदार हथियार निकालकर दुकानदार पर हमला कर दिया. घायल दुकानदार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले एक मोबाइल स्क्रीन गार्ड खरीदा था. बाद में वह उसे बदलवाने के लिए दुकान पर लौटा. दुकानदार विक्रम चौधरी ने कथित तौर पर अलग मॉडल के लिए 100 रुपये अतिरिक्त मांगे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस अचानक हिंसक हो गई. आरोपी ने चाकू जैसा तेज हथियार निकाला और चौधरी पर वार कर दिया. उस समय दुकान में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था. हमले के बाद दोनों ने मिलकर आरोपी को बाहर धकेल दिया.
A man allegedly stabbed a mobile shop owner following an argument over a screen guard replacement in #Karnataka's #Chitradurga district on Wednesday.
— Hate Detector 🔍 (@HateDetectors) February 25, 2026
The injured man has been identified as Vikram Choudri. The accused had allegedly purchased a mobile screen guard and later… pic.twitter.com/KjgbSmD8H2
दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में आरोपी को अंदर आते और बातचीत करते देखा जा सकता है. कुछ ही पलों में वह हमला करता नजर आता है. यह वीडियो अब जांच का अहम हिस्सा है.
घटना के बाद विक्रम चौधरी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. कुछ लोगों ने हमले को सुनियोजित बताते हुए सड़क जाम किया और टायर जलाकर विरोध जताया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी और टायर जलाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि हालात काबू में रहें. अधिकारियों ने कहा है कि आरोपी की तलाश जारी है और कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे.