menu-icon
India Daily

लकवाग्रस्त मां की देखभाल से परेशान बेटे ने छत से धक्का देकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बेंगलुरु में एक व्यक्ति पर अपनी लकवाग्रस्त मां को छत से धक्का देकर मारने का आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
लकवाग्रस्त मां की देखभाल से परेशान बेटे ने छत से धक्का देकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Courtesy: Grok

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 42 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 75 वर्षीय मां की हत्या कर दी. यह घटना RR Nagar के बीईएमएल लेआउट इलाके की बताई जा रही है, जहां आरोपी अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था.

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी मां को चार मंजिला इमारत की छत पर ले गया. इसके बाद उसने उन्हें नीचे धक्का दे दिया. ऊंचाई से गिरने के कारण बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

क्यों दिया आरोपी ने मां को धक्का?

शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां पिछले चार से पांच सालों से लकवे से पीड़ित थी और बिस्तर पर ही रहती थी. उसने दावा किया कि वह अपनी मां को रोज तकलीफ में नहीं देख पा रहा था और उनकी देखभाल करना उसके लिए बहुत मुश्किल हो गया था. इसी वजह से उसने यह कदम उठाया. हालांकि पुलिस इस बयान की सच्चाई की जांच कर रही है.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और आरोपी के कथित कबूलनामे के आधार पर कार्रवाई की गई है. अब पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है.

कौन कौन था हत्या में शामिल?

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में किसी और की भूमिका तो नहीं है. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है. यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है. क्या देखभाल की जिम्मेदारी इतनी बड़ी हो सकती है कि कोई इंसान ऐसा कदम उठा ले. विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे मामलों में मानसिक तनाव और भावनात्मक दबाव भी बड़ी भूमिका निभाते हैं. इसलिए परिवारों को समय रहते मदद लेना जरूरी है.