menu-icon
India Daily

पहले कर्ज दिया, फिर महिला को बनाया बंधक! वीडियो वायरल करने की धमकी से मचा हड़कंप

बेंगलुरु में एक 30 वर्षीय महिला को कथित तौर पर अगवा कर लिया गया. इस महिला को दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया. सिर्फ इतना ही नहीं, महिला के साथ मारपीट की गई और जबरन कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया गया.

Shilpa Shrivastava
पहले कर्ज दिया, फिर महिला को बनाया बंधक! वीडियो वायरल करने की धमकी से मचा हड़कंप
Courtesy: AI Generated

कर्नाटक: बेंगलुरु में एक 30 वर्षीय महिला को कथित तौर पर अगवा कर लिया गया. इस महिला को दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया. सिर्फ इतना ही नहीं, महिला के साथ मारपीट की गई और जबरन कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया गया. फिर वीडियो भी बनाया. खबरों के अनुसार, आरोपियों ने महिला से कहा कि अगर उसने कर्ज की रकम वापस नहीं की तो उसका वीडियो वायरल कर दिया जाएगा. 

पुलिस ने मामले में रेशमा बानू, सुहैल और नाजथ को गिरफ्तार किया है. बता दें कि यह घटना 27 अगस्त से 31 अगस्त के बीच चंद्रा लेआउट थाना क्षेत्र में हुई. चलिए जानते हैं आखिर पूरा मामला क्या है और महिला ने कितना कर्ज लिया था.

₹1.5 लाख के कर्ज को लेकर था विवाद:

महिला की शिकायत के अनुसार, उसने करीब दो साल पहले नाजथ से 50,000 रुपये उधार लिए थे. यह रकम हर हफ्ते किस्तों में चुकाने पर बात तय हुई थी. इसके अलावा उसने रेशमा बानू से करीब ₹1 लाख भी उधार लिए थे. महिला ने पुलिस को बताया कि आर्थिक परेशानी के कारण वह कुछ समय से कर्ज की किस्तें नहीं चुका पा रही थी. इसी दौरान उस पर पूरा पैसे चुकाने का दबाव बनाया गया.

काम के बहाने घर बुलाने का आरोप:

शिकायत के अनुसार, 27 अगस्त को महिला को किसी काम के बहाने नाजथ के घर बुलाया गया. कुछ समय बाद रेशमा बानू, उनके पति सुहैल और दो अन्य लोग कथित तौर पर वहां पहुंच गए. महिला ने बताया कि उसके साथ मारपीट की गई. उसे चाकू दिखाकर डराया गया, फिर उसका फोन भी तोड़ दिया. इसके बाद उसे और उसके छोटे बेटे को ऑटो रिक्शा में जबरन कुंबलगोडु ले जाया गया.

महिला ने बताया कि आरोपियों ने कुंबलगोडु पहुंचने के बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और डंडे से भी पीटा गया. आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर करीब ₹11 लाख, जिसमें ब्याज भी शामिल था, चुकाने का दबाव बनाया.

कपड़े उतारने पर किया मजबूर:

FIR के अनुसार, महिला को जबरन कपड़े उतारने पर मजबूर किया गया. फिर फोन से उसका वीडियो रिकॉर्ड किया. साथ ही धमकी भी दी कि अगर कर्ज का पैसा वापस नहीं किया तो उसका वीडियो वायरल कर देंगे. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे एक बाजार के पास मौजूद वकील के पास ले जाया गया. वहां उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए. इसके बाद उसे दोबारा कुंबलगोडु लाया गया.

टॉयलेट जाने के बहाने पुलिस को दी सूचना:

FIR के मुताबिक, महिला ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला. उसे चंद्रा लेआउट पुलिस स्टेशन ले जाया गया. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नाजथ, रेशमा, सुहैल, सैफ और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया.

जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य संदिग्ध अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है.