कर्नाटक के हसन जिले में 19 सितंबर की रात रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 24 वर्षीय नवविवाहिता प्रियंका का शव 11 दिन बाद तुमकुर जिले के तुरुवेकेरे तालुक के कोलाल गांव की झील से बरामद हुआ है. प्रियंका अपने पति राजशेखर के साथ थी, जब वह कथित तौर पर हेमावती नहर में चली गई थी. इसके बाद से पुलिस, गोताखोर और परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे.
शव मिलने के बाद अब मामले में एक बार फिर कई सवाल खड़े हो गए हैं. प्रियंका के मायके वालों ने जहां पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं राजशेखर के परिवार ने भी प्रियंका और उसके माता-पिता के खिलाफ अलग दावे किए हैं. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 19 सितंबर की रात प्रियंका अपने पति राजशेखर के साथ थी. पति का दावा है कि चन्नरायपटना तालुक के चिक्कनायकानहल्ली के पास प्रियंका ने अचानक हेमावती नहर में छलांग लगा दी. इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई. नहर में पानी के बहाव को रोककर भी खोजबीन की गई. आसपास की नहरों और उनसे जुड़े जलाशयों में भी तलाश की गई. पुलिस ने तुमकुरे और टिपटूर के आसपास के इलाकों में ड्रोन की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया. आखिरकार 29 सितंबर को प्रियंका का शव तुरुवेकेरे के कोलाल गांव की झील में मिला.
प्रियंका की शादी करीब आठ महीने पहले कुरुवंका गांव के रहने वाले राजशेखर से हुई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक वह KAS परीक्षा की तैयारी कर रही थीं और घटना के समय करीब ढाई महीने की गर्भवती थीं. प्रियंका के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर परेशान किया जा रहा था. परिवार का दावा है कि पहले भी इस विवाद को लेकर समझौते की कोशिश हुई थी.
मायके वालों ने राजशेखर पर प्रियंका की हत्या करने का आरोप लगाया है. परिवार की ओर से यह भी सवाल उठाया गया कि अगर वह खुद नहर में गई थीं तो घटना की परिस्थितियां क्या थीं. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और अभी किसी आरोप को अदालत या जांच एजेंसी की अंतिम पुष्टि नहीं मिली है.
मामले में राजशेखर और उसके परिवार की ओर से भी प्रियंका के मायके वालों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. ससुराल पक्ष का दावा है कि प्रियंका की पहले भी शादी हो चुकी थी और यह बात राजशेखर के परिवार से कथित तौर पर छिपाई गई. राजशेखर के परिवार के अनुसार, उनकी शादी के समय प्रियंका के कथित पूर्व पति के पुलिस के साथ विवाह स्थल पर पहुंचने की बात भी सामने आई थी. परिवार का आरोप है कि प्रियंका के माता-पिता ने इस जानकारी को छिपाकर शादी कराई.
ससुराल पक्ष ने यह भी दावा किया कि प्रियंका इस शादी के लिए तैयार नहीं थीं और उन्हें कथित तौर पर दबाव में शादी के लिए राजी किया गया था. ये सभी दावे ससुराल पक्ष की शिकायत और बयानों पर आधारित हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.