बेंगलुरु: बेंगलुरु में PG यानी पेइंग गेस्ट आवासों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता और साफ सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. लोगों की शिकायतों के बाद शुक्रवार को शहर और आसपास के इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान 64 PG आवासों की जांच की गई. इनमें से 23 PG में खाद्य सुरक्षा और साफ सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए.
यह विशेष अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा प्रभाग की ओर से चलाया गया. जांच का दायरा बेंगलुरु शहर, बेंगलुरु ग्रामीण और ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी यानी GBA के अंतर्गत आने वाले इलाकों तक रहा. अधिकारियों ने PG में भोजन बनाने और रखने की व्यवस्था, रसोई की साफ सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट, कच्चे सामान के भंडारण और खाद्य उत्पादों पर सही लेबल की जांच की.
जांच के दौरान 23 PG में खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं होने और साफ सफाई की स्थिति खराब मिलने पर नोटिस दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया गया है, वहां लागू खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने PG संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और रसोई की स्वच्छता को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं.
अभियान के दौरान अधिकारियों ने अलग अलग PG से 12 खाद्य सैंपल भी लिए. इन सैंपलों को प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा गया है. जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि खाद्य सामग्री निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती है या नहीं. प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ने पर आगे कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों को जांच के दौरान कई संदिग्ध और गलत तरीके से रखी गई खाद्य सामग्री भी मिली. इनमें एक्सपायर्ड दही, स्वास्तिक बिसी बेले बाथ पाउडर, चावल का आटा, सिंथेटिक फूड कलर, काली मिर्च और बिना सही ब्रांड जानकारी वाला मिश्रण शामिल था. इन सामानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब्त किया गया.
सबसे गंभीर मामलों में से एक बेंगलुरु के बोम्मासंद्रा स्थित नंदना एलीट PG में सामने आया. यहां अधिकारियों को डाइनिंग टेबल पर खाने के सामान के पास बेड बग मारने वाला पाउडर रखा मिला. जिस स्थान पर पीने का पानी रखा जाता था, वहां भी गैर खाद्य और अन्य सामान रखा हुआ पाया गया.
अधिकारियों ने परिसर की स्थिति को अस्वच्छ पाया. इसके बाद PG के डाइनिंग एरिया को सील कर दिया गया. खाने और पीने के पानी के पास रासायनिक पदार्थ रखना स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है.
विभाग ने सभी PG संचालकों और खाद्य कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों ने एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल या वितरण नहीं करने, कच्चे सामान को सुरक्षित रखने और रसोई की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.