menu-icon
India Daily

शादी के 24 साल बाद IVF से हुआ जुड़वां बच्चियों का जन्म, 3 महीने बाद ही मां ने की हत्या; जानें वजह

बेंगलुरु के वज्रहल्ली में 40 वर्षीय महिला पर अपनी तीन महीने की जुड़वां बच्चियों की कथित तौर पर पानी में डुबोकर हत्या करने का आरोप है. इसके बाद महिला ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान बच गई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
शादी के 24 साल बाद IVF से हुआ जुड़वां बच्चियों का जन्म, 3 महीने बाद ही मां ने की हत्या; जानें वजह
Courtesy: Pinterest

बेंगलुरु: बेंगलुरु के वज्रहल्ली इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 40 वर्षीय महिला पर अपनी तीन महीने की जुड़वां बच्चियों की कथित तौर पर पानी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद महिला ने उसी कमरे में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान बच गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि महिला उमादेवी और उनके पति रामलिंगप्पा की शादी वर्ष 2002 में हुई थी. करीब 24 साल बाद 5 मई को IVF तकनीक के जरिए उनके घर जुड़वां बेटियों का जन्म हुआ था. लंबे इंतजार के बाद घर में बच्चों की किलकारी गूंजी थी, लेकिन करीब तीन महीने बाद ही दोनों बच्चियों की मौत हो गई.

परिजनों ने क्या बताया?

परिवार के मुताबिक बच्चियों के जन्म के करीब डेढ़ महीने बाद से ही उमादेवी उनके प्रति ज्यादा रुचि नहीं दिखा रही थीं. वह कथित तौर पर बार बार कहती थीं कि बच्चियों को किसी आश्रम में भेज दिया जाए. उनकी स्थिति को लेकर परिवार ने डॉक्टरों से भी संपर्क किया था. परिवार का कहना है कि डॉक्टरों ने उनकी परेशानी को प्रसव के बाद होने वाले मानसिक और हार्मोनल बदलाव से जोड़कर देखा था.

मंगलवार को रामलिंगप्पा किसी काम से घर से बाहर गए थे. दोपहर करीब 2:45 बजे जब वह वापस लौटे तो घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया.

कैसी थी कमरे के अन्दर की स्थिति?

कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिवार के लोग दंग रह गए. उमादेवी दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकी हुई थीं. उन्हें तुरंत नीचे उतारा गया. उसी कमरे में दोनों तीन महीने की बच्चियां बेसुध पड़ी थीं. परिवार बच्चियों और महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा. डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला की जान बच गई.

अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर बच्चियों की मौत डूबने की आशंका जताई है. परिवार को शक है कि बच्चियों को पानी से भरी बाल्टी में डुबोया गया. हालांकि मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

तलघट्टापुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और महिला की स्थिति को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने प्रसव के बाद महिलाओं में होने वाले मानसिक बदलावों और परिवार की ओर से समय रहते सहायता और चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं.