menu-icon
India Daily

बेंगलुरु के लग्जरी पब की रसोई में मिला सड़ा मांस! छापेमारी में 132 किलो खराब खाना जब्त

बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में सड़ा मांस, खराब सॉस, एक्सपायर्ड डेयरी उत्पाद और अन्य खाद्य सामग्री मिली. एक आलीशान पब की रसोई बंद कराई गई और 132 किलो सामग्री जब्त हुई.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
बेंगलुरु के लग्जरी पब की रसोई में मिला सड़ा मांस! छापेमारी में 132 किलो खराब खाना जब्त
Courtesy: X (@ANI)

बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में कई बड़े होटल, रेस्तरां और खाद्य भंडारण केंद्र जांच के घेरे में आए. अधिकारियों को कई जगह खाने की चीजें खराब हालत में मिलीं. यूबी सिटी के स्काई लाउंज पब की रसोई में सड़ा चिकन और गोमांस मिला, जिस पर फफूंद तक लगी थी. जांच के दौरान एक्सपायर्ड दूध-दही, खराब मछली, मशरूम, सॉस और इस्तेमाल किया हुआ तेल भी बरामद किया गया.

स्काई लाउंज की रसोई पर कार्यवाही

यूबी सिटी स्थित स्काई लाउंज में जांच के दौरान रसोई की साफ-सफाई बेहद खराब मिली. यहां 45 किलो सड़ा हुआ चिकन और गोमांस तथा 6 किलो वेजिटेबल कटलेट बरामद हुए. मांस पर फफूंद उगी थी. करीब 10 दिन पहले एक्सपायर हो चुके दूध और दही भी मिले. कुल 51 किलो खाद्य सामग्री को खाने योग्य नहीं मानते हुए नष्ट कर दिया गया. 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ खाना पकाने का तेल भी नष्ट कराया गया.

दूसरे प्रतिष्ठानों से भी खराब खाना मिला

अभियान के दौरान रॉयल चेन होटल से 50 किलो बत्तख और 5 किलो मछली जब्त की गई. मद्रास किचन से 5 किलो हरी मटर और टेस्कॉन होटल से 5 किलो मशरूम मिले. सेंचेज होटल में 3 किलो मछली जब्त हुई, जबकि केक, आलू और टैकोस समेत 7 किलो अन्य खाद्य सामग्री को नष्ट किया गया.

भंडारण केंद्रों पर भी छापेमारी

बड़े होटलों को खाद्य सामग्री पहुंचाने वाले कोल्डमैन लॉजिस्टिक्स और राधाकृष्ण फूडलैंड के भंडारण केंद्र भी जांचे गए. अधिकारियों ने करीब 70 किलो सोया सॉस और कई अन्य सॉस जब्त किए. इनमें कुछ उत्पादों की उपयोग अवधि समाप्त होने के करीब थी. करीब 10 लीटर पेय पदार्थ भी जब्त किए गए, जिनमें स्ट्रॉबेरी स्वाद वाले पेय शामिल थे.

जांच के लिए नमूने भेजे गए

खाद्य सुरक्षा टीमों ने कार्रवाई के दौरान मांस के पांच और अन्य खाद्य पदार्थों के 13 नमूने लिए. सभी नमूनों को गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. विभाग के मुताबिक, पूरे अभियान में बेंगलुरु शहरी जिले और बीबीएमपी क्षेत्रों से कुल 132 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई. खराब या खाने लायक नहीं मिली सामग्री को नियमानुसार नष्ट किया गया.

30 टीमों ने चलाया विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने इस अभियान के लिए 30 टीमें बनाई थीं. 8 अगस्त को इन टीमों ने होटल, रेस्तरां और खाद्य भंडारण केंद्रों की जांच की. अधिकारियों ने भंडारण व्यवस्था, खाद्य गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की. विभाग ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.